crimeDehradun

वीडियो: ब्रिगेडियर हत्याकांड में पुलिस के साथ एनकाउंटर, काविश हुसैन को गोली लगी, 02 गिरफ्तार

पुलिस पर फायरिंग करना पड़ा भारी, पैर पर लगी गोली, अब तक कुल 09 आरोपी गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस के साथ 02 बदमाशों का एनकाउंटर हो गया। जोहड़ी गांव में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस को संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए पुलिस टीम गुनियाल गांव के जंगल क्षेत्र तक पहुंची, जहां एक आरोपी शांतनु त्यागी को मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं, दूसरे आरोपी काविश हुसैन ने पुलिस से बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी काविश के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल और एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही अस्पताल जाकर घायल आरोपी की स्थिति की जानकारी भी ली। फिलहाल पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार ब्रिगेडियर हत्याकांड में इससे पहले 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि तीन फरार चल रहे थे। अब एनकाउंटर के बाद दो और की गिरफ्तारी कर की गई है। फिलहाल, एक अन्य आरोपी वैभव अभी फरार चल रहा है। उसे भी जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।

एनकाउंटर में गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
-मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी, पुत्र तोसीम, निवासी अंबा बिहार, थाना खालापार, मुजफ्फरनगर (उम्र 22 वर्ष)
-शांतनु त्यागी, पुत्र विनय त्यागी, निवासी माढकी, थाना बेहट, सहारनपुर (उम्र 21 वर्ष)

क्या था पूरा मामला?
30 मार्च 2026 की सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव में फायरिंग की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि मालसी की ओर से आ रही दो कारों, स्कार्पियो-एन और दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर में सवार लोगों के बीच पीछा करने के दौरान गोलीबारी हुई। इस फायरिंग में मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय मुकेश कुमार जोशी रिटायर्ड ब्रिगेडियर (निवासी तुला अपार्टमेंट, जोहड़ी गांव) को गोली लग गई। उन्हें तुरंत मैक्स अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बार में शुरू हुआ था विवाद
जांच में सामने आया कि फॉर्च्यूनर सवार लोग कुठालगेट स्थित ZEN-Z बार में काम करते थे। 29 मार्च की रात बार में आए स्कार्पियो सवार युवकों शांतनु त्यागी, आदित्य चौधरी, कविश त्यागी और उनके साथियों के साथ बिल को लेकर विवाद हुआ था। अगली सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और एक-दूसरे का पीछा करते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान एक गोली राह चलते मुकेश जोशी को लग गई, जिससे उनकी जान चली गई।

पहले 4 और फिर 03 आरोपी किए गए थे गिरफ्तार
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पहले ही चार आरोपियों रोहित कुमार, मोहम्मद अखलाक उर्फ साबिर, संदीप कुमार और आदित्य चौधरी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनके पास से 2 देशी तमंचे और 4 जिंदा कारतूस बरामद हुए थे। इसके बाद पुलिस ने 03 और आरोपियों को गिरफ्तार किया। जिनमें आदेश गिरी (50 वर्ष), निवासी शिवपुरी गड़ीपुता, शामली (UP), समीर चौधरी (21 वर्ष), निवासी गदर जुड्डा, मंगलौर (हरिद्वार) और मोहित अरोड़ा (28 वर्ष), निवासी उत्तम नगर, नई दिल्ली शामिल हैं।

गंभीर धाराओं में केस दर्ज
इस पूरे मामले में हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था और जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपि यों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि छोटी-सी कहासुनी कैसे हिंसक रूप लेकर निर्दोष लोगों की जान ले सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button