DehradunEducationUttarakhand

उत्तराखंड बोर्ड में 12वीं में गीतिका पंत और सुशीला टॉपर, हाईस्कूल में अक्षत गोपाल अव्वल

रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए ऑफिशियल वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाकर विजिट की जा सकती है

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम में इस वर्ष इंटरमीडिएट (कक्षा 12) में छात्राओं का दबदबा देखने को मिला। गीतिका पंत (सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, बागेश्वर) और सुशीला मेंदीरत्ता (भंगाराम अमर इंटर कॉलेज, भुरापानी, ऊधमसिंह नगर) ने 98.0 प्रतिशत अंक हासिल कर संयुक्त रूप से राज्य में पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि ने अपने-अपने विद्यालयों के साथ-साथ पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। रिजल्ट डाउनलोड करने के लिए सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट ubse.uk.gov.in पर जाकर विजिट करें। इस खबर को निरंतर अपडेट किया जाएगा। लिहाजा, नई जानकारी के लिए जुड़े रहें या न्यूज के पेज को रिफ्रेश कर सकते हैं।

इंटरमीडिएट में द्वितीय स्थान पर आर्यन (सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश, देहरादून) रहे, जिन्होंने 97.80% अंक प्राप्त किए। तृतीय स्थान वंशिका (सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर, हरिद्वार) को 97.00% अंकों के साथ मिला। जनपद स्तर पर इंटरमीडिएट में बागेश्वर 94.81% परीक्षाफल के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।

परिजनों संग खुशी की मुद्रा में 10वीं टॉपर अक्षत गोपाल।

हाईस्कूल में अक्षत गोपाल ने मारी बाजी
वहीं हाईस्कूल (कक्षा 10) परीक्षा में अक्षत गोपाल ने 98.20 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया। रामनगर स्थित एमपी हिंदू इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।द्वितीय स्थान पर संयुक्त रूप से इशांत कोठारी (एसवीएम इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़, उत्तरकाशी) और भूमिका (जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल) रहे, जिन्होंने 98% अंक प्राप्त किए। तृतीय स्थान योगेश जोशी (विवेकानंद वीएम इंटर कॉलेज, मंडलसेरा, बागेश्वर) को 97.80% अंकों के साथ मिला। बालिकाओं में भूमिका (जीबी पंत जीआईसी, खैरना, नैनीताल) ने 98% अंकों के साथ सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। जनपद स्तर पर हाईस्कूल में बागेश्वर 96.98% परीक्षाफल के साथ प्रदेश में अव्वल रहा।

शिक्षा मंत्री की मौजूदगी में घोषित हुआ परिणाम
देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में धन सिंह रावत की उपस्थिति में बोर्ड परिणाम घोषित किए गए। इस दौरान बोर्ड के सभापति एवं माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल सती ने औपचारिक रूप से परिणाम जारी किए।

उत्तराखंड बोर्ड की 2026 की हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा 21 फरवरी से 20 मार्च तक संपन्न हुई थी। कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें हाईस्कूल में 1,12,266 परीक्षार्थी और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल हुईं।

प्रदेश भर में परीक्षा के लिए 1,261 केंद्र बनाए गए थे, जिनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे। वहीं 156 केंद्र संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील केंद्र बनाए गए थे।

उत्तराखंड बोर्ड ने जारी किए तीन हेल्पलाइन नंबर
रामनगर : परीक्षार्थियों की मदद के लिए उत्तराखंड बोर्ड ने तीन अधिकारियों के नंबर जारी किए हैं, जिसमें बोर्ड के संयुक्त सचिव सीपी रतूड़ी का मोबाइल नंबर 6396178537, शोध अधिकारी शैलेंद्र जोशी का मोबाइल नंबर 7055513072 और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी राजीव रावत का मोबाइल नंबर 7830403040 शामिल हैं। बोर्ड रिजल्ट देखने में आ रही दिक्कत, स्कूटनी भरने व सुधार परीक्षा के संबंध में जानकारी के लिए परीक्षार्थी इन हेल्पलाइन नंबर पर काल कर सकते हैं।

मेहनत और अनुशासन से मिली सफलता
इस वर्ष के परिणामों ने एक बार फिर साबित किया है कि निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है। टॉपर्स की उपलब्धि प्रदेश के अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

प्रदेश में खुशी का माहौल
रिजल्ट घोषित होते ही प्रदेशभर में खुशी की लहर दौड़ गई। टॉपर्स के परिवारों, शिक्षकों और स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला। छात्रों की इस सफलता ने उत्तराखंड की शिक्षा व्यवस्था की गुणवत्ता को भी दर्शाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button