crimeUttarakhandआपदा प्रबंधन

बाइक से टक्कर के बाद मैक्स वाहन खाई में गिरा, 08 घायल

श्रीनगर रोड पर खिर्सू के पास हुआ सड़क हादसा, बाइक सवार भी घायल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: पौड़ी गढ़वाल के खिर्सू क्षेत्र में बुधवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। विकासखंड मुख्यालय खिर्सू के पास श्रीनगर रोड पर एक मैक्स वाहन और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरे। हादसे में एक बाइक सवार समेत कुल 08 लोग घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। समय पर चलाए गए रेस्क्यू अभियान के चलते सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खिर्सू पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

कोतवाली श्रीनगर के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार के अनुसार, मैक्स वाहन पैठाणी से श्रीनगर की ओर आ रहा था। खिर्सू और ग्वाड़ गांव के बीच सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद दोनों वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिर गए।

हादसे में घायल लोगों की पहचान गगन सिंह (75), सतेश्वरी देवी (50), संगीता देवी (23), अंजू (24), मंगल सिंह (32), गुड्डी देवी (55), गौतम सिंह (26) निवासी पैठाणी और बाइक सवार गजेन्द्र सिंह (42) निवासी पाबौ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, त्वरित राहत कार्य के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button