Uttarakhandआपदा प्रबंधन

200 मीटर गहरी खाई में गिरी बोलेरो, 02 की मौत और 04 घायल

धारी ब्लॉक क्षेत्र में हुआ हादसा, हादसा इतना भीषण था कि वाहन के उड़े परखच्चे

उत्तराखंड के नैनीताल जिले में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सवारियों से भरी एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

यह दुर्घटना धारी ब्लॉक के दुदुली क्षेत्र के पास हुई। प्रशासन के अनुसार, वाहन हल्द्वानी की ओर जा रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क से करीब 200 मीटर नीचे खाई में गिर गया।

एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को बाहर निकाला गया।

पुलिस के मुताबिक, बोलेरो (UK04TA1446) में चालक समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पदमपुरी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दुदुली निवासी लता शर्मा (40) और अमदौ निवासी हरीश बेलवाल (52) के रूप में हुई है।

हादसे में घायल हुए चार लोगों में दिनेश चंद्र (48), चालक कमल शर्मा (23), नेहा बेलवाल (17) और सुभाष बेलवाल (13) शामिल हैं। इनमें से कमल, नेहा और सुभाष की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि एक घायल की स्थिति स्थिर है।

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की सूचना डायल 112 के जरिए मिली थी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और प्रशासन ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button