‘हैलो पुलिस! पीएनबी कर्मी मेरी बेटी के साथ गलत हरकत कर वीडियो बना रहे हैं’, शिकायत करने वाले पर ही कसा गया शिकंजा
पौड़ी में झूठी सनसनी फैलाने की कोशिश नाकाम, पुलिस ने आरोपी का कर दिया चालान

Round The Watch News: एक गंभीर और संवेदनशील आरोप लगाकर पुलिस तंत्र को गुमराह करने की कोशिश करने वाले व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। रिखणीखाल क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों पर बेटी के साथ अनुचित कृत्य का आरोप लगाने वाला मामला जांच में पूरी तरह झूठा निकला।
पुलिस कंट्रोल रूम को महेश कुमार नामक व्यक्ति ने फोन कर सनसनीखेज आरोप लगाया कि रिखणीखाल स्थित पंजाब नेशनल बैंक कर्मचारियों ने उसकी पुत्री के साथ गलत हरकत कर उसका वीडियो बना लिया है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना रिखणीखाल पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर टीम रवाना कर मामले की गहन जांच शुरू की गई।
हालांकि, शुरुआती जांच में ही कॉलर की बातों में विरोधाभास सामने आने लगा। पुलिस द्वारा जब महेश कुमार से विस्तार से जानकारी मांगी गई तो वह बार-बार भ्रामक और गुमराह करने वाले बयान देता रहा। इसके बाद पुलिस ने स्थानीय स्तर पर सत्यापन किया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
पता चला कि महेश कुमार पिछले करीब दो वर्षों से क्षेत्र में किराए पर रह रहा है और वर्ष 2025 में पारिवारिक विवाद के चलते उसका तलाक हो चुका है। उसके बच्चे उसके साथ नहीं रहते हैं। इतना ही नहीं, वह पूर्व में संबंधित बैंक में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत था और बैंक कर्मचारियों से उसका विवाद चल रहा था, जिसके चलते वह निलंबित भी है।
जांच में स्पष्ट हुआ कि पूरे मामले को व्यक्तिगत रंजिश के चलते गढ़ा गया था। इस झूठी सूचना से न केवल पुलिस संसाधनों का दुरुपयोग हुआ, बल्कि एक बेहद संवेदनशील विषय पर अनावश्यक दहशत और भ्रम की स्थिति भी पैदा हुई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की है। अधिकारियों ने साफ संदेश दिया है कि इस तरह की झूठी और भ्रामक सूचनाएं देने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील, प्रामाणिक जानकारी करें साझा
जनता से अपील की गई है कि किसी भी संवेदनशील मामले में केवल सत्य और प्रमाणिक जानकारी ही साझा करें, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मिल सके।



