बदरीनाथ राजमार्ग पर दिल्ली के पर्यटकों की कार 300 फीट गहरी खाई में गिरी, युवती लापता, युवक घायल
देवप्रयाग थाना क्षेत्र में तोता घाटी में हुआ भीषण हादसा, एसडीआरएफ ने किया रेस्क्यू

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां दिल्ली से आए पर्यटकों की कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथ मौजूद युवती का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
यह दुर्घटना ऋषिकेश-बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर देवप्रयाग थाना क्षेत्र के तोता घाटी इलाके में मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और लगभग 1300 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
सूचना मिलते ही पुलिस और State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जोखिम उठाते हुए खाई में उतरकर घायल युवक को रस्सियों और स्ट्रेचर की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस सेवा से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल युवक ने बताया कि कार में उसके साथ एक युवती भी सवार थी, जो हादसे के बाद से लापता है। इसके बाद SDRF और पुलिस की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अभी तक युवती का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, घायल युवक की पहचान दिल्ली निवासी 22 वर्षीय अनीश (पुत्र संदीप) के रूप में हुई है। वहीं लापता युवती की पहचान 20 वर्षीय सोहनी के रूप में की गई है, जो दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है। फिलहाल राहत एवं बचाव दल खाई में लगातार तलाश अभियान चला रहा है और इलाके में सतर्कता बरती जा रही है।




