crimeDehradun

दहेज में बाइक न मिलने से था परेशान, पत्नी के चरित्र पर था शक और घोंट दिया गला

देहरादून में दहेज हत्या से जुड़े मामले में पुलिस ने आरोपी पति को किया गिरफ्तार

Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून में दहेज उत्पीड़न और हत्या का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर सिर्फ इसलिए हत्या कर दी कि वह दहेज में बाइक न मिलने से आहत था और उसके चरित्र पर भी शक करता था। पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला Dehradun के थाना सेलाकुई क्षेत्र से जुड़ा है।

पुलिस गिरफ्त में पत्नी का हत्यारोपी आरिफ।

पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी आरिफ की शादी वर्ष 2025 में शाहीन बानो से हुई थी। शादी के बाद से ही वह दहेज को लेकर असंतुष्ट था। खासतौर पर मोटरसाइकिल न मिलने की वजह से वह पत्नी के साथ आए दिन मारपीट करता था और उस पर पैसे लाने का दबाव बनाता था।

मृतका के पिता लाल मोहम्मद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में दहेज दिया था, लेकिन इसके बावजूद उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा।

करीब एक माह पहले दंपति काम के सिलसिले में सेलाकुई आकर जमनीपुर क्षेत्र में किराए के कमरे में रहने लगे। यहां आरिफ दिहाड़ी मजदूरी करता था, जबकि शाहीन बानो एक कंपनी (डिक्सन) में नौकरी कर रही थी। इसी दौरान आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक होने लगा, जिससे दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया।

1 मई को दहेज और शक के मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद हुआ। झगड़ा बढ़ने पर आरोपी ने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की उसी की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी।

परिजनों को बताया, बीमारी से हुई मौत
हत्या के बाद आरोपी ने सच्चाई छिपाने के लिए पड़ोसियों और मृतका के परिजनों को यह कहकर गुमराह किया कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई है। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

परिजनों को जब घटना संदिग्ध लगी तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और मुखबिर की सूचना के आधार पर घटना के दो दिन बाद उसे सेलाकुई बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि दहेज की मांग और पत्नी पर शक के चलते वह लगातार मानसिक तनाव में था और घटना वाले दिन विवाद के दौरान उसने हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button