SSC नकल गिरोह का मास्टरमाइंड STF के हत्थे, लैब से रिमोट एक्सेस के जरिए कराता था चीटिंग
महादेवी कन्या पाठशाला सेंटर से जुड़ा मामला, पहले दो आरोपी गिरफ्तार; अब सरगना सहारनपुर से दबोचा गया

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड एसटीएफ ने SSC परीक्षा में नकल कराने वाले संगठित गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। अजय सिंह ने बताया कि गिरोह का मास्टरमाइंड शुभम भटनागर को सहारनपुर से गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
यह मामला 13 फरवरी 2026 को SSC द्वारा आयोजित मल्टीटास्किंग (नॉन-टेक्निकल) स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा से जुड़ा है। देहरादून स्थित महादेवी कन्या पाठशाला में आयोजित इस परीक्षा के दौरान रिमोट एक्सेस के जरिए नकल कराने का खुलासा हुआ था। इस संबंध में कोतवाली नगर में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2024 समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी शुभम भटनागर इसी सेंटर पर ‘महादेव डिजिटल लैब’ संचालित करता था। परीक्षा के दौरान लैब के पास बने यूपीएस रूम में अंडरग्राउंड चैंबर तैयार कर रिमोट एक्सेस तकनीक के जरिए अभ्यर्थियों को नकल कराई जा रही थी। इसके एवज में अभ्यर्थियों से चयन होने पर पद के ग्रेड पे के हिसाब से मोटी रकम वसूली जाती थी।
एसटीएफ ने पहले ही इस मामले में नितिश कुमार और भास्कर नैथानी को गिरफ्तार कर लैब और उपकरण सील कर दिए थे, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया था। लगातार तकनीकी और मानवीय इनपुट के आधार पर एसटीएफ टीम ने 4 मई को उसे सहारनपुर से दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है। एसटीएफ का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
गौरतलब है कि पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में एसटीएफ इस तरह के गिरोहों पर लगातार शिकंजा कस रही है।




