Uttarakhand

वीडियो: श्रीनगर में गैस सिलेंडरों पर हाहाकार, एजेंसी में घुसे लोग और धरने पर बैठे

कमलेश्वर मोहल्ले के उपभोक्ता परेशान, पार्षद सूरज नेगी के नेतृत्व में खोला मोर्चा

Round The Watch News: श्रीनगर गढ़वाल के नगर निगम क्षेत्र स्थित कमलेश्वर मोहल्ले में घरेलू गैस आपूर्ति पिछले एक माह से बाधित होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लगातार हो रही परेशानी से त्रस्त उपभोक्ताओं ने सोमवार को गढ़वाल मंडल विकास निगम परिसर में स्थित इंडेन गैस एजेंसी कार्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और तत्काल आपूर्ति बहाल करने की मांग उठाई।

धरने का नेतृत्व पार्षद सूरज नेगी ने किया, जिनके साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय उपभोक्ता एजेंसी परिसर में एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से गैस सिलिंडर न मिलने के कारण उनके सामने रोजमर्रा के कामकाज का संकट खड़ा हो गया है। खाना बनाने से लेकर अन्य घरेलू जरूरतें तक प्रभावित हो रही हैं।

आंदोलनकारियों ने एजेंसी प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। उनका कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।

धरने के दौरान उपभोक्ताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द गैस आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। वहीं दूसरी ओर, मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उपभोक्ता एजेंसी कार्यालय में लंबे समय तक डटे रहे और ठोस कार्रवाई की मांग पर उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button