शादी में गई 16 साल की किशोरी से गैंगरेप, गणेश गोदियाल ने सीधे डीजीपी से हस्तक्षेप की मांग की
चंपावत में सामने आई बेहद गंभीर घटना, सुबह एक कमरे में रस्सियों से बंधी मिली किशोरी

Round The Watch News: उत्तराखंड के चंपावत जिले से एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां दोस्त की शादी में शामिल होने गई 16 वर्षीय नाबालिग को तीन युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए और फिर धारदार हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लिया। आरोपियों ने रातभर उसके साथ रेप किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रकरण को बेहद गंभीर बताते हुए तत्काल मुख्यमंत्री और डीजीपी से हस्तक्षेप की मांग की।
जानकारी के अनुसार, घटना सल्ली क्षेत्र की है। नाबालिग जब शादी समारोह से वापस लौट रही थी, तभी आरोपियों ने पहले उसका विश्वास जीता और उसे थोड़ी दूरी तक अपने साथ ले गए। जैसे ही सुनसान इलाका मिला, युवकों ने उसे हथियार दिखाकर बंधक बना लिया और जबरन एक कमरे में ले गए।
रातभर दरिंदगी, सुबह कमरे में बंधी मिली पीड़िता
आरोप है कि आरोपियों ने पूरी रात नाबालिग के साथ मारपीट करते हुए सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद सुबह होने पर उसे उसी कमरे में हाथ-पांव बांधकर छोड़ दिया और फरार हो गए।
उधर, बेटी के देर तक घर न लौटने पर परिजन परेशान हो उठे और उसकी तलाश शुरू की। देर रात करीब 1:28 बजे पीड़िता के मोबाइल से एक कॉल आया, लेकिन कुछ ही क्षण में फोन बंद हो गया। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया। तड़के करीब 4 बजे पीड़िता एक सुनसान स्थान पर बने कमरे में बंधी हुई हालत में बरामद हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, मेडिकल जांच जारी
पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पीड़िता का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और मामले की जांच एक महिला उपनिरीक्षक को सौंपी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश, सुरक्षा बढ़ाई गई
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया भी तेज
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने इस मामले में मुख्यमंत्री, डीजीपी और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए और दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी चाहे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों, कानून से ऊपर नहीं हैं और पीड़िता को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।



