Forest And WildlifeUttarakhand

पौड़ी में दिनदहाड़े महिला पर झपटा गुलदार, विकट होते जा रहे हालात

गोबर डालने गई 24 वर्षीय महिला पर घात लगाकर बैठा गुलदार झपट पड़ा

Amit Bhatt, Uttarakhand: गुलदार के लगातार बढ़ते मूवमेंट से एकेश्वर और पोखड़ा ब्लॉक के ग्रामीण इलाकों में दहशत का माहौल गहरा गया है। ताजा घटना एकेश्वर ब्लॉक के भरपूर गांव में सामने आई, जहां दिनदहाड़े एक महिला पर गुलदार ने हमला कर दिया। ग्रामीणों की तत्परता से महिला की जान बच सकी, लेकिन घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है।

जानकारी के अनुसार भरपूर गांव निवासी 24 वर्षीय हेमा देवी सुबह के समय घर के पास गोबर डालने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुए हमले से महिला घबरा गई और जोर-जोर से चीखने लगी।

महिला की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े। लोगों ने शोर मचाते हुए पत्थर फेंके, जिसके बाद गुलदार वहां से भाग निकला। घटना के बाद महिला काफी डरी हुई थी। ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित घर पहुंचाया।

घटना के बाद भरपूर गांव समेत आसपास के इलाकों में लोगों में भारी भय व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से गांव के आसपास गुलदार की गतिविधियां लगातार देखी जा रही थीं, लेकिन अब दिन के समय आबादी के करीब हमला होने से लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह और शाम के समय गांव के आसपास कई बार गुलदार की मौजूदगी महसूस की जाती है। महिलाएं जंगल से घास और लकड़ी लाने जाने में डर महसूस कर रही हैं, जबकि किसान अकेले खेतों में जाने से बच रहे हैं। बच्चों को स्कूल भेजने को लेकर भी अभिभावकों में चिंता बनी हुई है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button