crimeUttarakhand

उत्तराखंड में हरियाणा की युवती से रेप, 05 दिन तक बंधक रखा और देह व्यापार को मजबूर किया

मानसिक रूप से परेशान होकर घर से निकली थी युवती और फंस गई जाल में

Round The Watch News: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में हरियाणा की एक युवती ने दो युवकों पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने और कई दिनों तक बंधक बनाकर रखने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मानसिक तनाव में घर से निकली थी युवती
जानकारी के अनुसार, करनाल जिले की रहने वाली युवती अप्रैल महीने में मानसिक रूप से परेशान होने के कारण घर से निकल गई थी और पिरान कलियर पहुंची। इसी दौरान उसकी मुलाकात आसिफ उर्फ सलमान और जोगिंद नाम के दो युवकों से हुई।

पीड़िता का आरोप है कि दोनों युवक उसे बहला-फुसलाकर रायपुर क्षेत्र में स्थित एक कमरे में ले गए, जहां पहले से आसिफ की पत्नी गुलशफा मौजूद थी।

नशीला पदार्थ खिलाने और बंधक बनाने का आरोप
युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कमरे में पहुंचने के बाद उसे नशीला पदार्थ दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि उसे करीब 05 दिनों तक कमरे में बंद रखकर बाहर नहीं जाने दिया गया और इस दौरान उसके साथ कई बार गलत काम किया गया।

देह व्यापार में धकेलने की कोशिश का भी आरोप
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी महिला गुलशफा अन्य युवकों को कमरे में बुलाती थी और उसके साथ जबरन संबंध बनाने का दबाव डालती थी। युवती के मुताबिक, उसे देह व्यापार में धकेलने की कोशिश भी की गई।

किसी तरह बचकर घर पहुंची पीड़िता
बताया जा रहा है कि युवती किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलने में सफल रही और वापस अपने घर हरियाणा पहुंची। शुरुआत में वह डरी हुई थी, लेकिन बाद में उसने पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन उसे लेकर पिरान कलियर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत दी।

महिला समेत तीन लोगों पर केस दर्ज
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आसिफ उर्फ सलमान, जोगिंद और गुलशफा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button