Dehradun

घर बैठे बनेंगे राशन कार्ड, उत्तराखंड में राशन सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन

यूआरसीएमएस पोर्टल लागू, नए कार्ड से लेकर नाम जोड़ने-हटाने और संशोधन तक अब डिजिटल सुविधा

Round The Watch Desk: उत्तराखंड में राशन कार्ड से जुड़ी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और तकनीक-सक्षम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब नागरिकों को नया राशन कार्ड बनवाने, परिवार के सदस्यों के नाम जोड़ने या हटाने तथा अन्य संशोधन कराने के लिए सरकारी दफ्तरों या राशन दुकानों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। भारत सरकार की स्मार्ट पीडीएस योजना के तहत यूनिफाइड राशन कार्ड मैनेजमेंट सिस्टम (यूआरसीएमएस) पोर्टल लागू कर दिया गया है, जिससे अधिकांश सेवाएं घर बैठे ऑनलाइन उपलब्ध होंगी।

सरकार ने पुराने आरसीएमएस पोर्टल को अपग्रेड कर आधुनिक तकनीक और सरल प्रक्रिया के साथ नया यूआरसीएमएस पोर्टल तैयार किया है। अब नागरिक Citizen Login के जरिए आधिकारिक पोर्टल पर आवेदन कर आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर सकेंगे।

नए राशन कार्ड के लिए आवेदन करने वाले नागरिकों को आधार आधारित ओटीपी सत्यापन से लॉगिन करना होगा, जबकि पुराने राशन कार्ड में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए मुखिया के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी अनिवार्य होगा। ऐसे में राशन कार्ड धारकों के लिए परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर सक्रिय होना जरूरी है। जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि नई व्यवस्था से राशन कार्ड सेवाएं पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, वे तहसील और जिला पूर्ति कार्यालयों में संपर्क कर नए राशन कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।

30 मई से पहले कर लें ई-केवाईसी

जिला पूर्ति अधिकारी ने पुराने राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे 30 मई से पहले अपनी ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर लें। इसके लिए “मेरा ई-केवाईसी” ऐप के माध्यम से घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

नए राशन कार्ड के लिए जरूरी दस्तावेज

– सभी परिवार सदस्यों के आधार कार्ड

– पासपोर्ट साइज फोटो

– आय प्रमाण पत्र

– मुखिया का पैन कार्ड

– बिजली बिल

– बैंक पासबुक

– गैस बुक की कॉपी

राशन कार्ड ट्रांसफर के लिए जरूरी दस्तावेज

यदि राशन कार्ड को एक दुकान से दूसरी दुकान में ट्रांसफर कराना है तो इसके लिए:

– प्रार्थना पत्र

– बैंक पासबुक

– गैस बुक

– बिजली बिल

– राशन कार्ड की कॉपी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button