crimeUttarakhand

तंत्र-मंत्र के लिए तीन साल के बच्चे का अपहरण, बलि देने की तैयारी से पहले ने फोड़ा भांडा

रुड़की में सामने आया सनसनीखेज मामला, 24 घंटे में पुलिस ने बच्चे को बचाया

Amit Bhatt, Dehradun: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के नाम पर तीन वर्षीय बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी समारोह के दौरान लापता हुए मासूम को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस को देखते ही आरोपी बच्चे को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। यदि पुलिस समय रहते कदम न उठाती तो राक्षस प्रवृत्ति के लोग बच्चे की बलि भी दे सकते थे।

घटना झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव भगतोवाली की है। परिवार के लोग गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल थे। इसी दौरान खेलते-खेलते तीन साल का बच्चा अचानक गायब हो गया। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिवार में हड़कंप मच गया।

परिजन तुरंत झबरेड़ा थाने पहुंचे और बच्चे के लापता होने की सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी।

एसएसपी के निर्देश पर बनी स्पेशल टीम
मामले को संवेदनशील मानते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने बच्चे की जल्द बरामदगी के लिए विशेष टीम गठित की। पूरे ऑपरेशन की निगरानी एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई। इसके बाद पुलिस और सर्विलांस टीम ने तेजी से जांच शुरू की।

सर्विलांस और कॉल डिटेल से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल सर्विलांस और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर संदिग्ध गरजा उर्फ गजे को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने बच्चे के अपहरण की बात कबूल कर ली।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम पुरकाजी रोड स्थित एलबीएस भट्टे के पास पहुंची। वहां एक व्यक्ति बच्चे को लेकर खड़ा मिला, लेकिन पुलिस टीम को देखते ही वह मासूम को वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तुरंत बच्चे को सुरक्षित कब्जे में लेकर परिजनों को सौंप दिया।

तंत्र-मंत्र के लिए बनाया था निशाना
पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपियों ने तंत्र-मंत्र और जादू-टोने के लिए बच्चे का अपहरण किया था। इस मामले में थाना पुरकाजी क्षेत्र के गांव शकरपुर निवासी गरजा उर्फ गजे को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस अब फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button