पौड़ी में पड़ोसी पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, 45 प्रतिशत झुलसा पीड़ित
रौली गांव की घटना, छत पर बैठा था व्यक्ति और तभी पड़ोसी ने दिया वारदात को अंजाम

Amit Bhatt, Uttarakhand: जनपद पौड़ी गढ़वाल के थलीसैंण थाना क्षेत्र अंतर्गत रौली गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घायल ग्रामीण का जिला अस्पताल पौड़ी में उपचार चल रहा है। घटना के बाद आरोपित फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम करीब सात बजे रौली गांव निवासी 40 वर्षीय वीरेंद्र सिंह अपने घर की ऊपरी मंजिल में कुछ लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आनंद सिंह वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने वीरेंद्र पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। अचानक हुई घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पानी और अन्य उपलब्ध साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। गंभीर रूप से झुलसे वीरेंद्र सिंह को 108 एंबुलेंस सेवा के जरिए जिला अस्पताल पौड़ी पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार पीड़ित करीब 45 प्रतिशत तक झुलस गया है, हालांकि उसकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थलीसैंण पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से जली हुई कमीज का हिस्सा और चप्पल बरामद हुई हैं। बताया जा रहा है कि आग लगाने के दौरान आरोपित का एक हाथ भी झुलस गया।
थानाध्यक्ष रविंद्र नेगी ने बताया कि पीड़ित की पत्नी की शिकायत के आधार पर आरोपित आनंद सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक तनवीर अहमद को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फरार आरोपित की तलाश में पुलिस टीमों का गठन कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।



