14 साल की बच्ची की जबरन शादी, गर्भवती हुई तो खुला राज, ससुराल वाले फरार
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश शुरू

Round The Watch News: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां 14 साल की एक नाबालिग बच्ची की कथित तौर पर जबरन शादी करा दी गई। शादी के बाद बच्ची गर्भवती हो गई और तबीयत बिगड़ने पर उसे रुड़की के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों की सतर्कता से पूरे मामले का पर्दाफाश हो गया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले परिजनों ने नाबालिग बच्ची की शादी करा दी थी। कम उम्र में गर्भवती होने के कारण बच्ची की हालत लगातार बिगड़ रही थी। मंगलवार को ससुराल पक्ष के लोग उसे इलाज के लिए रुड़की सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर को बच्ची की कम उम्र देखकर शक हुआ। डॉक्टर ने परिजनों को इलाज के बहाने वॉर्ड से बाहर भेज दिया और बच्ची से अकेले में बातचीत की। पूछताछ के दौरान बच्ची ने अपनी शादी और गर्भावस्था की जानकारी दी, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसके दस्तावेज और पहचान पत्र की जांच की। कागजात में उसकी उम्र महज 14 साल दर्ज मिली।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए डॉक्टरों ने बेहद सूझबूझ से काम लिया और परिजनों को बातों में उलझाकर पुलिस को सूचना दे दी। जैसे ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, वहां मौजूद आरोपी पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोग मौके से फरार हो गए। आरोप है कि वे गर्भवती नाबालिग को अस्पताल में ही छोड़कर भाग निकले।
पुलिस जांच में बच्ची के नाबालिग होने की पुष्टि हुई है। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसपी देहात Shekhar Chandra Suyal ने बताया कि नाबालिग बच्ची की शादी और गर्भावस्था का मामला बेहद संवेदनशील है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह मामला एक बार फिर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति और नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यदि अस्पताल में डॉक्टर सतर्कता नहीं दिखाते, तो संभव है कि यह मामला कभी सामने ही नहीं आ पाता।



