crimeUttarakhandआपदा प्रबंधन

गौचर में दर्दनाक हादसा: चारधाम यात्रा पर निकली महिला को बस ने कुचला

बस के सामने खड़ी महिला को नहीं देख पाया चालक और बढ़ा दी बस

Round The Watch News: चारधाम यात्रा के दौरान गौचर ग्राउंड में बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया। एक बस चालक की लापरवाही ने 67 वर्षीय महिला यात्री की जान ले ली। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गौचर ग्राउंड में खड़ी बस संख्या DD01 R 9725 के चालक ने बस बढ़ाते समय सामने मौजूद महिला को नहीं देखा और बस का अगला दाहिना टायर महिला के ऊपर चढ़ गया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल प्राथमिक चिकित्सालय गौचर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान राजकुमारी (67 वर्ष) पत्नी शशिकांत शर्मा निवासी ग्राम एवं पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह 15 मई 2026 को अपने परिवार के साथ गाजीपुर से चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश पहुंचने के बाद उन्होंने बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा शुरू की थी।

घटना की सूचना मिलते ही गौचर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार बस तथा उसके चालक को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की पहचान मितेश कुमार मोदी पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर-वीजापुर, मेहसाणा (गुजरात) के रूप में हुई है।

पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है। हादसे के समय दुर्घटनाग्रस्त बस में गुजरात के यात्री सवार थे, जिन्हें दूसरी बस से बदरीनाथ के लिए रवाना किया गया। वहीं, मृतका जिस बस से यात्रा कर रही थीं, उसमें सवार अन्य यात्रियों को भी सुरक्षित आगे भेज दिया गया है। चारधाम यात्रा के बीच हुई इस दर्दनाक घटना ने यात्रा व्यवस्थाओं और वाहन संचालन की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button