crimeUttarakhand

बेटी ने पिता की हत्या के लिए बेचा मंगलसूत्र और दामाद ने अंगूठी बेची

पैसे जुटाए हत्या की और भावे जम्मू-कश्मीर के कटरा, पुलिस ने गिरफ्तार किया

Amit Bhatt, Uttarakhand: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में पिता की हत्या के सनसनीखेज मामले में फरार चल रहे बेटी और दामाद को पुलिस ने जम्मू-कश्मीर के कटरा से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा लाया गया है, जहां उनसे पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या की साजिश करीब एक महीने पहले रची गई थी और इसके लिए आरोपियों ने अपने गहने तक बेच दिए थे।

एक महीने पहले से बन रही थी हत्या की योजना
पुलिस पूछताछ के अनुसार, आरोपी धर्मवीर शर्मा और उसकी पत्नी जानकी पांडेय पिछले एक महीने से चंद्रशेखर पांडेय की हत्या की योजना बना रहे थे। अल्मोड़ा आने और वारदात को अंजाम देने के लिए धर्मवीर ने अपनी सोने की अंगूठी बेच दी, जबकि जानकी ने अपना मंगलसूत्र और कानों के झुमके बेचकर यात्रा और अन्य खर्च के लिए पैसे जुटाए।

20 जून की रात किया हमला
पुलिस के मुताबिक, 20 जून 2026 की रात हरियाणा से फ्रॉन्क्स कार (HR-21T-0835) में सैली गांव पहुंचे धर्मवीर और जानकी ने चंद्रशेखर की पत्नी खष्टी देवी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर भारी धारदार दरांती से चंद्रशेखर पांडेय पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में चंद्रशेखर के सिर, हाथ, पैर और शरीर पर एक दर्जन से अधिक वार किए गए। गंभीर रूप से घायल होने के बाद आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर घटनास्थल से फरार हो गए।

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना की जानकारी ग्राम प्रधान कैलाश पांडेय ने चंद्रशेखर के पिता नारायण दत्त पांडेय को दी। घायल चंद्रशेखर को पहले धौलादेवी अस्पताल, फिर अल्मोड़ा बेस अस्पताल और बाद में हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। 21 जून को डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

डॉक्टरों के अनुसार, उनके शरीर पर धारदार हथियार से एक दर्जन से अधिक गहरे घाव थे। हमले में हाथ-पैर भी टूट गए थे और सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।

घरेलू कलह और शराब बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि दन्या थाना क्षेत्र के सैली गांव (तोक शौधार) निवासी 40 वर्षीय चंद्रशेखर पांडेय शराब पीने के बाद अक्सर अपनी पत्नी खष्टी देवी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था। इससे परिवार लंबे समय से परेशान था।

चंद्रशेखर ने अपनी बड़ी बेटी जानकी की शादी 19 अप्रैल 2026 को हरियाणा के हिसार जिले के हांसी क्षेत्र के ग्राम शेखपुरा निवासी धर्मवीर शर्मा से कराई थी। पत्नी खष्टी देवी अक्सर अपनी बेटी और दामाद को फोन पर घरेलू प्रताड़ना की जानकारी देती थी।

दामाद ने पहले ही दे दी थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के मुताबिक, सास के साथ हो रही मारपीट से नाराज धर्मवीर शर्मा ने पहले ही अपने साले को फोन कर धमकी दी थी। उसने कहा था कि यदि चंद्रशेखर उसकी सास के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट बंद नहीं करेगा तो वह किसी दिन उसकी हत्या कर देगा।

पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ हत्या का मुकदमा
22 जून को मृतक के पिता नारायण दत्त पांडेय ने दन्या थाने में अपनी बहू खष्टी देवी, पोती जानकी पांडेय और दामाद धर्मवीर शर्मा के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया।

तीन राज्यों में तलाश, 150 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले
एसएसपी अल्मोड़ा के निर्देश पर पुलिस की तीन विशेष टीमों ने दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में आरोपियों की तलाश की। जांच के दौरान 23 जून को वारदात में प्रयुक्त फ्रॉन्क्स कार हरियाणा के हिसार से लावारिस हालत में बरामद हुई।

पुलिस ने 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन जम्मू-कश्मीर के कटरा में ट्रेस की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से 26 जून को जानकी पांडेय और धर्मवीर शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

ट्रांजिट रिमांड पर अल्मोड़ा पहुंचाए गए आरोपी
कटरा की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद पुलिस 27 जून को दोनों आरोपियों को अल्मोड़ा ले आई। मामले में आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस के अनुसार, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र कर लिए हैं और केस में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button