उत्तराखंड के नौकुचियाताल पर अश्लील टिप्पणी से विवाद, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ पुलिस में शिकायत
भाजपा के जिला मंत्री प्रकाश भट्ट ने पुलिस को दी शिकायत, कार्रवाई की तैयारी

Amit Bhatt, Dehradun: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नौकुचियाताल को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक कथित अश्लील टिप्पणी ने विवाद खड़ा कर दिया है। इंस्टाग्राम पर वायरल एक वीडियो में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अजीतभ सिंह और कौशिक सचदेव ने नौकुचियाताल के नाम का आपत्तिजनक तरीके से मजाक उड़ाया, जिसके बाद प्रदेश के लोगों में नाराजगी फैल गई।
मामले में भाजपा के जिला मंत्री एवं व्यापारी नेता प्रकाश भट्ट ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर दोनों इन्फ्लुएंसर्स के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उन्होंने कहा है कि संबंधित वीडियो को तुरंत हटाया जाए और आरोपियों से उत्तराखंड की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए।
वीडियो में क्या कहा गया?
वायरल वीडियो में अजीतभ सिंह कहते हैं, “उत्तराखंड में ऐसी कौन-सी जगह है, जहां सबके नाइन निप्प… हैं?” इस पर कौशिक सचदेव पूछते हैं, “कौन-सी… कौन-सी?” जिसके जवाब में अजीतभ सिंह नौकुचियाताल के नाम को अश्लील शब्द नौचु…के साथ जोड़कर बोलते हैं। इस दौरान वीडियो में मौजूद अन्य सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स अनाहिता, दिव्या और विभोर इस टिप्पणी पर हंसते हुए दिखाई देते हैं। यही क्लिप सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद विवाद का कारण बनी।
कौन हैं अजीतभ सिंह?
अजीतभ सिंह सोशल मीडिया की दुनिया में एक चर्चित कंटेंट क्रिएटर और डिजिटल इन्फ्लुएंसर हैं। वह यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर ‘Bekarobar’ नाम के कॉमेडी प्लेटफॉर्म के सह-संस्थापक और प्रमुख चेहरों में शामिल हैं।
वह अपने खास अंदाज में “Desi Dad Jokes”, वर्डप्ले और हल्के-फुल्के कॉमेडी कंटेंट के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अपने स्कूल के मित्र कौशिक सचदेव के साथ मिलकर कंटेंट क्रिएशन की शुरुआत की थी। दोनों का “Desi Jokes Battle” फॉर्मेट सोशल मीडिया पर काफी लोकप्रिय रहा है। वीडियो में अजीतभ अक्सर सनग्लासेस, सिर पर हेयरबैंड या रूमाल और हाथ में ड्रिंक का कैन लिए अपने अलग अंदाज में नजर आते हैं।
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायतकर्ता प्रकाश भट्ट ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि सोशल मीडिया जैसे व्यापक मंच पर इस तरह की आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री प्रसारित करना सामाजिक सौहार्द को प्रभावित कर सकता है। उनका कहना है कि इस रील के माध्यम से नौकुचियाताल सहित उत्तराखंड की संस्कृति, सम्मान और पहचान को ठेस पहुंची है, जिससे स्थानीय लोगों और व्यापारियों में भारी आक्रोश है।
उन्होंने पुलिस से मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट और वायरल रील की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही आरोपियों से सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड की जनता से माफी मंगवाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी देवभूमि के धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का इस प्रकार अपमान करने का साहस न करे। पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी



