crimeDehradun

गोलियों से गूंजी राजधानी, शराब ठेके के बाहर फायरिंग में दो युवकों को लगी गोली, पुलिस की गिरफ्त से भागे आरोपी

पुलिस ने लिया था चार को हिरासत में, दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

Amit Bhatt, Dehradun: रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर शुक्रवार देर रात हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोलियों की चपेट में आकर दो युवक घायल हो गए। दोनों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दो आरोपी पुलिस हिरासत में दून अस्पताल के बाहर से भागने में सफल रहे। फरार आरोपियों की तलाश में चार विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे छह नंबर पुलिया से आगे रिंग रोड स्थित शराब ठेके के बाहर हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ लोग ठेके की कैंटीन में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान लोअर राजीव नगर निवासी नवीन राणा अपने एक दोस्त के साथ वहां मौजूद था। नवीन सिगरेट पीने के लिए बाहर निकला तो उसने दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद होते देखा। वह वापस अंदर जाने ही वाला था कि अचानक एक के बाद एक दो गोलियां चल गईं।

फायरिंग में पहली गोली नवीन राणा के कंधे में लगी और मांस को चीरते हुए आर-पार निकल गई। दूसरी गोली पास में खड़े बिजनौर निवासी कैनेन्द्र के पैर में जा लगी। गोली चलने की आवाज से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। किसी ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद रायपुर थाना प्रभारी संजीत कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घायल नवीन राणा को तत्काल कैलाश अस्पताल और कैनेन्द्र को दून अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों की स्थिति स्थिर है और जान को कोई खतरा नहीं है।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। सीओ वंदना वर्मा ने दून अस्पताल पहुंचकर घायल कैनेन्द्र से भी घटना के संबंध में जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि फायरिंग की घटना में शामिल दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शराब ठेके के बाहर धरना देकर ठेका हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि ठेके के बाहर आए दिन शराबियों के बीच झगड़े और हंगामे होते रहते हैं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि रात के समय महिलाएं और परिवार के लोग इस रास्ते से गुजरने में असुरक्षित महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में कई बार पुलिस और प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button