DehradunUttarakhand

जिस कार्यालय ने की थी आईएएस सविन बंसल की शिकायत, वहीं भेजा गया संयुक्त सचिव बनाकर

जिस कार्यालय ने की थी आईएएस सविन बंसल की शिकायत, वहीं भेजा गया संयुक्त सचिव बनाकर

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड कैडर के वर्ष 2009 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और देहरादून के पूर्व जिलाधिकारी सविन बंसल को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। लंबे समय से उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब उनकी तैनाती लोकसभा सचिवालय में संयुक्त सचिव (जॉइंट सेक्रेटरी) के पद पर कर दी गई है। उन्हें तीन वर्ष की अवधि के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह वही कार्यालय है, जहां से जिलाधिकारी के रूप में सविन बंसल की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की गई रही।

सविन बंसल वर्तमान में उत्तराखंड शासन में सचिव स्तर के अधिकारी के रूप में कार्यरत रहे हैं। उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को प्रशासनिक हलकों में एक महत्वपूर्ण नियुक्ति माना जा रहा है। हालांकि, इस नियुक्ति को लेकर चर्चा का कारण केवल उनका दिल्ली जाना नहीं है, बल्कि वह कार्यालय भी है जहां उन्हें नई जिम्मेदारी मिली है।

दरअसल, लोकसभा सचिवालय वही संस्थान है जहां से देहरादून में जिलाधिकारी के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उनके खिलाफ एक शिकायत भेजी गई थी। यह मामला उस समय सामने आया था जब लोकसभा अध्यक्ष के देहरादून दौरे पर थे और उनकी प्रोटोकॉल व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे।

उस समय आरोप लगाया गया था कि दौरे के समय निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन नहीं किया गया और तत्कालीन जिलाधिकारी सविन बंसल से संपर्क करने के प्रयासों के बावजूद उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इस मामले को गंभीर मानते हुए लोकसभा सचिवालय की ओर से शासन को पत्र भेजकर शिकायत दर्ज कराई गई थी।

हालांकि, यह विवाद अब पुराना हो चुका है और प्रशासनिक स्तर पर मामला समाप्त माना जाता है, लेकिन संयोगवश अब उसी लोकसभा सचिवालय में सविन बंसल को संयुक्त सचिव के रूप में जिम्मेदारी मिलने से यह पुराना घटनाक्रम एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।

इस बीच उत्तराखंड प्रशासनिक सेवा से जुड़ी एक अन्य महत्वपूर्ण चर्चा भी तेज है। सूत्रों के अनुसार वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वंदना के भी जल्द केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि उन्हें भी केंद्र सरकार में किसी महत्वपूर्ण पद पर तैनाती मिल सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button