Dehradun

वीर भूमि फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश रावत ने 88वीं बार किया रक्तदान, कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश रावत को किया सम्मानित

Round The Watch, Desk: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर वीर भूमि फाउंडेशन ने माजरा स्थित गोयल धर्मशाला में देवभूमि ब्लड बैंक, धर्मपुर के सहयोग से विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। शिविर में कुल 83 यूनिट रक्त एकत्र कर देवभूमि ब्लड बैंक को सौंपा गया। इस दौरान फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश रावत ने 88वीं बार रक्तदान कर समाज के सामने सेवा और समर्पण की प्रेरक मिसाल पेश की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि देश की सीमाओं पर सैनिकों का बहा रक्त हमारी आजादी और संप्रभुता की रक्षा करता है, जबकि शांति के समय किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देता है। उन्होंने कहा कि वीर भूमि फाउंडेशन की यह पहल शहीदों के प्रति सच्ची और सार्थक श्रद्धांजलि है तथा युवाओं को नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। ऐसे दिन रक्तदान शिविर आयोजित कर शहीदों की स्मृति को नमन करना प्रेरणादायक पहल है, जो समाज में राष्ट्रभक्ति और जनसेवा की भावना को मजबूत करती है।

फाउंडेशन के संरक्षक एवं पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि कारगिल के शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि वीर भूमि फाउंडेशन लगातार समाजसेवा और राष्ट्रहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष राजेश रावत ने कहा कि शहीदों के सम्मान को जनसेवा से जोड़ना संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि 88वीं बार रक्तदान करना उनके लिए गर्व और आत्मसंतोष का विषय है। यदि इस प्रयास से किसी एक भी व्यक्ति का जीवन बचता है तो यह आयोजन सफल माना जाएगा।

शिविर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के ऋषभ रावत, रंजीत भंडारी, आशीष गोसाई, सौरभ शर्मा, स्थानीय पार्षद सतीश कश्यप, भाजपा मंडल अध्यक्ष आशीष गिरी, भाजपा नेता आनंद सागर, रंजीत सेमवाल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया तथा कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button