crimeUttarakhand

गैंगरेप के तीनों आरोपियों की पुलिस से मुठभेड़, एक को गोली लगी, किए गए गिरफ्तार

रुद्रपुर में युवती को किडनैप कर रेप करने के बाद फरार चल रहे थे आरोपी, देर रात हुआ एनकाउंटर

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: भूरारानी रोड से युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले तीनों आरोपियों को पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दोनों साथियों को मौके से दबोच लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात सिडकुल की एक कंपनी में कार्यरत युवती अपनी सहेली और दो युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। उसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और चारों को जबरन अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी दोनों युवकों और दोनों युवतियों को उनकी ही बाइक पर बैठाकर गदरपुर हाईवे की ओर ले गए।

रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से छलांग लगाकर किसी तरह उनके चंगुल से बच निकले। हालांकि, दूसरा युवक और युवती आरोपियों के कब्जे में रह गए। गदरपुर हाईवे पहुंचने पर बदमाशों ने युवक को बीच रास्ते में उतार दिया और युवती को अपने साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घटना के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपितों की पहचान के लिए लगातार साक्ष्य जुटाए।

सोमवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि तीनों वांछित बगवाड़ा चौकी क्षेत्र स्थित किच्छा हाईवे से कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि घायल की पहचान गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह, निवासी ग्राम कलकत्ती, गदरपुर के रूप में हुई है। उसके साथ गिरफ्तार अन्य जोगा सिंह पुत्र रंजीत सिंह तथा रविंदर पुत्र फुम्मन सिंह, दोनों निवासी अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) हैं। घायल गुरबाज का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

एसएसपी ने बताया कि पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button