crime

दून में भाजपा पार्षद के बेटे पर युवती को भगाने का आरोप, युवती के पिता ने पुलिस को दी शिकायत

विजय पार्क वार्ड पार्षद ने आरोप नकारा, बोलीं वियतनाम गया है बेटा...

Amit Bhatt, Dehradun: राजधानी देहरादून में एक 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। युवती के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने विजय पार्क की भाजपा पार्षद अमिता सिंह के बेटे शुभम चौधरी के खिलाफ युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी 24 जुलाई से लापता है और उन्हें आशंका है कि शुभम चौधरी उसे अपने साथ ले गया है। परिवार ने पुलिस से युवती की सुरक्षित बरामदगी की मांग करते हुए उसकी जान को खतरा भी बताया है। उनका कहना है कि आरोपी का परिवार राजनीतिक प्रभाव रखता है, जिससे उन्हें निष्पक्ष कार्रवाई को लेकर चिंता है।
वहीं, पार्षद अमिता सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनका बेटा अपनी बहन और दिल्ली के रिश्तेदारों के साथ वियतनाम टूर पर गया हुआ है। उन्होंने कहा कि उन्हें संबंधित युवती के बारे में कोई जानकारी नहीं है। उनके अनुसार, 24 जुलाई को उनकी बेटी का जन्मदिन था और अगले दिन परिवार के सदस्य विदेश रवाना हुए। उन्होंने यह भी बताया कि सोमवार रात तक उनके बेटे की फ्लाइट दिल्ली पहुंचने वाली है।
उधर, शहर कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि युवती की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। परिवार की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी और मोबाइल नंबरों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि युवती की बरामदगी और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामला जांच के अधीन है और सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button