crimeUttarakhand

शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत के मामले में सीएम धामी ने दिए सीबीसीआईडी जांच के आदेश

देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के पत्र के क्रम में मुख्यमंत्री ने उठाया कदम, अब विशेषज्ञ एजेंसी संभाल सकती है पूरी पड़ताल

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड सचिवालय में तैनात निजी सचिव सौरभ खत्री की पत्नी और सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की सीबीसीआईडी जांच के आदेश दे दिए हैं। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने पत्र पर ही “CBCID जांच” लिखकर निर्देश जारी किए। इसके बाद अब संभावना है कि मामले की विवेचना स्थानीय पुलिस से लेकर सीबीसीआईडी को स्थानांतरित कर दी जाए।

फिलहाल मृतका की मां सीमा कंडारी की शिकायत पर पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु) के तहत मुकदमा दर्ज है। प्रारंभिक जांच सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई थी और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले तथ्यों तथा गवाहों के बयान जुटा रही थी। हालांकि मुख्यमंत्री के सीबीसीआईडी जांच के निर्देश के बाद अब यह संभावना प्रबल हो गई है कि मामले की आगे की विवेचना राज्य की विशेषज्ञ जांच एजेंसी अपने हाथ में ले।

विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में बताया था कि देवप्रयाग विधानसभा के ग्राम सिगोली, विकासखंड कीर्तिनगर निवासी सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की 29 जुलाई 2026 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अब सीबीसीआईडी को औपचारिक रूप से जांच हस्तांतरित करने का प्रशासनिक आदेश जारी होना बाकी है। आदेश जारी होने पर आगे की विवेचना स्थानीय पुलिस के बजाय सीबीसीआईडी करेगी।

आपको बता दें कि सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में देहरादून के हर्रावाला निवासी और उत्तराखंड सचिवालय में निजी सचिव सौरभ खत्री से हुई थी। मृतका के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से उसे दहेज और अन्य बातों को लेकर मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों का यह भी आरोप है कि ससुर की मृत्यु के बाद उसे ‘मनहूस’ कहकर अपमानित किया गया। 29 जुलाई को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर दहेज मृत्यु का मुकदमा दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button