crimeDehradunराजनीति

धर्मपुर पार्षद विवेक कोठारी पर दो मुकदमे दर्ज, महिला और डेयरी संचालक ने लगाए मारपीट व धमकी के आरोप

महिला ने लगाया नुकीली चीज से हाथ पर मारने का आरोप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: देहरादून के वार्ड संख्या 56 धर्मपुर के पार्षद विवेक कोठारी उर्फ डिंपी के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों के आधार पर दो मुकदमे दर्ज किए हैं। एक शिकायत स्थानीय महिला ने दर्ज कराई है, जबकि दूसरी शिकायत क्षेत्र के एक डेयरी संचालक की ओर से दी गई है। दोनों मामलों में मारपीट, अभद्र व्यवहार और धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

विवाद का वीडियो लिंक-https://www.facebook.com/share/v/1H32HhGbsn/सामुदायिक भवन की चाबी को लेकर विवाद
नेहरू कॉलोनी निवासी सुषमा जोशी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 31 जुलाई की शाम उन्हें रश्मि उनियाल का फोन आया। फोन पर बताया गया कि पार्षद विवेक कोठारी ने नेहरू कॉलोनी स्थित सामुदायिक भवन की चाबी मांगी है। इसके बाद वह चाबी लेकर सामुदायिक भवन पहुंचीं, लेकिन करीब 25 मिनट तक इंतजार करने के बावजूद पार्षद वहां नहीं पहुंचे।

शिकायत के अनुसार, बाद में वह पास के सागर गिरि मंदिर में कथा सुनने चली गईं। शाम करीब छह बजे फिर से उन्हें फोन कर चाबी लेकर आने के लिए कहा गया। वह बारिश के बीच दोबारा सामुदायिक भवन पहुंचीं।

महिला का आरोप है कि वहां पहुंचते ही पार्षद ने उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और कहा कि वह वार्ड के पार्षद हैं, इसलिए चाबी उनके पास होनी चाहिए। जब उन्होंने बताया कि सामुदायिक भवन में फॉल्स सीलिंग और स्टेज निर्माण कार्य के लिए विधायक रायपुर उमेश शर्मा काऊ की ओर से उन्हें चाबी दी गई है, तो विवाद बढ़ गया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पार्षद ने उनके हाथ से चाबी छीनने का प्रयास किया और किसी नुकीली वस्तु से उनके दाहिने हाथ पर वार किया। इस दौरान धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे उनका मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त हो गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि पार्षद ने सामुदायिक भवन का ताला पत्थर से तोड़कर उसकी जगह अपना ताला लगा दिया।

डेयरी संचालक ने भी लगाए गंभीर आरोप
दूसरे मामले में धर्मपुर निवासी राहुल राणा, जो राहुल डेयरी के नाम से दुकान संचालित करते हैं, ने भी पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

राहुल राणा का आरोप है कि 15 जुलाई की शाम पार्षद उनकी दुकान पर पहुंचे और खुले पैसे को लेकर स्टाफ के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्षद ने उनके कर्मचारियों के साथ मारपीट करने का प्रयास भी किया, लेकिन मौके पर मौजूद ग्राहकों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

डेयरी संचालक ने यह भी आरोप लगाया कि इस घटना के बाद पार्षद ने उनकी दुकान पर आने वाले नगर निगम के कूड़ा वाहन के चालक को धमकाकर कूड़ा उठाने से रोक दिया, जिससे दुकान का कचरा कई दिनों तक नहीं उठ सका और उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।

पुलिस ने दर्ज किए दो अलग-अलग मुकदमे
नेहरू कॉलोनी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने बताया कि दोनों पक्षों से प्राप्त शिकायतों के आधार पर पार्षद विवेक कोठारी के खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button