
Amit Bhatt, Dehradun: देहरादून में फ्लैट दिलाने का झांसा देकर नैनीताल निवासी एक महिला से 20 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलर ने अलग-अलग किस्तों में रकम लेने के बाद न तो फ्लैट का एग्रीमेंट कराया और न ही कब्जा दिलाया। जब महिला ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने कथित तौर पर गाजियाबाद से लोगों को बुलाकर पूरे परिवार को जान से मारने और घर से उठा लेने की धमकी दी। शिकायत पर राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, भीमताल (नैनीताल) निवासी प्रीति चंद्रा देहरादून में फ्लैट खरीदना चाहती थीं। इसी सिलसिले में उनकी मुलाकात धौरण रोड स्थित आस्था प्रॉपर्टीज के संचालक संजय त्यागी से हुई। आरोप है कि जनवरी 2026 में संजय त्यागी ने उन्हें धौरण रोड, सहस्त्रधारा रोड और विंडलास रिवर वैली (कुआंवाला) परियोजनाओं में फ्लैट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
शिकायत के मुताबिक, आरोपित ने 17 जनवरी 2026 को फ्लैट बुकिंग के नाम पर तीन लाख रुपये नकद लिए। इसके बाद 21 जनवरी को 10 लाख रुपये और 5 फरवरी को सात लाख रुपये जमा करा लिए। इस तरह महिला ने कुल 20 लाख रुपये प्रॉपर्टी डीलर को दे दिए।
महिला का आरोप है कि पूरी रकम लेने के बावजूद आरोपित लगातार एग्रीमेंट कराने से बचता रहा। जब भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराने की बात की गई, वह कभी तबीयत खराब होने तो कभी अन्य कारणों का बहाना बनाकर टालता रहा। काफी समय बीतने के बाद भी न तो फ्लैट का एग्रीमेंट हुआ और न ही कोई स्पष्ट जवाब मिला।
शिकायतकर्ता का कहना है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने कथित रूप से लोनी (गाजियाबाद) से कुछ लोगों को बुलाकर पूरे परिवार को घर से उठा लेने और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर आरोपित प्रॉपर्टी डीलर संजय त्यागी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों व अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है।



