नाप-जोख के बदले 30 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
नैनीताल की धारी तहसील में तैनात निर्मल बोरा फंसा विजिलेंस के जाल में

Aryan walia, Dehradun: भूमि की नाप-जोख कराने के एवज में 30 हजार रुपये रिश्वत मांगना नैनीताल की धारी तहसील में तैनात पटवारी को भारी पड़ गया। सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने पटवारी निर्मल बोरा पुत्र शेर सिंह बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई शनिवार, 26 सितंबर 2026 को की गई।
जानकारी के अनुसार पटवारी निर्मल बोरा धारी तहसील में तैनात है। वह मूल रूप से सुनकोट, धारी, नैनीताल का निवासी बताया गया है और वर्तमान में जलवायु विहार, अमृत आश्रम के पास, बिठोरिया नंबर एक, हल्द्वानी में रह रहा था। शिकायतकर्ता की गांव मजीदा, तहसील धारी स्थित भूमि की नाप-जोख के एवज में पटवारी की ओर से पैसों की मांग किए जाने का आरोप था।
रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद सतर्कता टीम ने उसका सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने की शिकायत सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक, सतर्कता सेक्टर नैनीताल/हल्द्वानी की ओर से ट्रैप टीम गठित की गई।
इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया और शनिवार को ट्रैप की कार्रवाई की गई। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने पटवारी को 30 हजार रुपये दिए। इसी दौरान सतर्कता टीम ने निर्मल बोरा को रिश्वत की रकम स्वीकार करते हुए मौके पर दबोच लिया।
पटवारी की गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान की टीम मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। रिश्वत की मांग और गिरफ्तारी की कार्रवाई ने तहसील स्तर पर राजस्व संबंधी कामकाज में भ्रष्टाचार को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। सतर्कता विभाग ने लोगों से भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतें 1064 पर दर्ज कराने की अपील की है।



