हल्द्वानी के चौराहों से सितारगंज की पार्किंग तक विकास का बड़ा खाका, धामी सरकार ने तेज की परियोजनाओं की रफ्तार
विकास के धरातल को साकार करने के लिए सचिव आवास डा आर राजेश कुमार ने संभाला मोर्चा

Rajkumar Dhiman, Dehradun: उत्तराखंड के शहरों को सुनियोजित विकास, बेहतर जनसुविधाओं और आकर्षक स्वरूप देने की कवायद अब धरातल पर तेज होती दिखाई दे रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने हल्द्वानी और ऊधमसिंहनगर में प्रस्तावित व निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में पूरी की जाएं।
चौराहों पर दिखेगी उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति
हल्द्वानी में शहर के प्रमुख चौराहों को नई पहचान देने की तैयारी है। हैराखान चौराहे पर मानसखंड थीम आधारित रोटरी विकसित करने की योजना है। वहीं कुसुमखेड़ा चौराहे पर नारी शक्ति थीम आधारित रोटरी प्रस्तावित है। इन दोनों परियोजनाओं के जरिए प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण के साथ उत्तराखंड की संस्कृति और नारी शक्ति की थीम को सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शित किया जाएगा।
डीके पार्क में ओपन जिम, सड़कों के बीच हरियाली
रामलीला ग्राउंड के समीप स्थित डीके पार्क के सौंदर्यीकरण और विकास की भी तैयारी शुरू हो गई है। यहां आमजन के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नरीमन क्षेत्र से लगभग 200 मीटर मार्ग के रोड मीडियन में वृक्षारोपण और हरितीकरण किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के अनुमान तैयार किए जा चुके हैं। अब टेंडर प्रक्रिया की तैयारी चल रही है और प्रस्तावित कार्यों के टेंडर इसी माह आमंत्रित किए जाने हैं।
हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित जमीन का भी लिया जायजा
स्थलीय निरीक्षण के दौरान हाईकोर्ट के लिए प्रस्तावित भूमि का भी निरीक्षण कराया गया। अधिकारियों ने सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार को प्रस्तावित स्थल और उससे संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई। सचिव ने सभी संबंधित परियोजनाओं को आपसी समन्वय के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
रुद्रपुर में स्टेडियम, किच्छा में 12.48 करोड़ का बस अड्डा
ऊधमसिंहनगर में भी विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। रुद्रपुर में मोदी मैदान के समीप प्रस्तावित इंडोर एवं आउटडोर स्टेडियम की कार्ययोजना और ले-आउट का निरीक्षण किया गया। सचिव ने अधिकारियों को पूर्व में दिए गए सुझावों और संशोधनों को शामिल करते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए।
किच्छा के ग्राम खुर्पिया फार्म में 3.50 एकड़ भूमि पर 12.48 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बस अड्डा बनाया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद इसे 15 अप्रैल 2026 को उत्तराखंड परिवहन विभाग को हस्तांतरित किया जा चुका है। सचिव ने निर्माण की गुणवत्ता की सराहना की। उन्होंने कहा कि एम्स सैटेलाइट सेंटर और पंतनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक होने के कारण यह बस अड्डा क्षेत्रीय आवागमन के लिहाज से महत्वपूर्ण साबित होगा।
सितारगंज में 9.75 करोड़ का पार्किंग कॉम्प्लेक्स
सितारगंज के मुख्य बाजार में 3.51 एकड़ भूमि पर 9.75 करोड़ रुपये की लागत से पार्क एवं पार्किंग कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। परियोजना में 48 वाहनों की पार्किंग, 12 आधुनिक दुकानें, प्रसाधन सुविधाएं, ओपन जिम, किड्स प्ले एरिया और लैंडस्केपिंग शामिल हैं। सचिव ने परियोजना का निरीक्षण कर अवशेष फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव बोले, परियोजनाओं का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे
आवास एवं राज्य संपत्ति सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देश हैं कि विकास योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से प्रस्तावित और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शहरों में सौंदर्यीकरण, हरितीकरण, पार्क, रोटरी और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जाएगा। सभी कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाने चाहिए, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने ऊधमसिंहनगर में बस अड्डे, स्टेडियम और पार्किंग जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की।
निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान जय किशन, उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण ऊधमसिंहनगर पंकज कुमार उपाध्याय, सचिव, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पीके दीक्षित, अधीक्षण अभियंता, सिंचाई विभाग, नरेंद्र नवानी, परियोजना प्रबंधक, उत्तराखंड पेयजल निर्माण निगम; कैलाश डुंगवाल, सहायक अभियंता, जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण मौजूद रहे।
इसके अलावा संयुक्त सचिव एपी बाजपेयी, सहायक अभियंता अभिषेक, अवर अभियंता समीर अहमद, प्रदीप सिंह, रोहित बिष्ट, प्रदीप अवस्थी, टिया डालाकोटी और प्रेरणा नैनवाल समेत अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी निरीक्षण में उपस्थित रहे।



