crimeDehradunEducation

दो छात्रों को बेहोश होने तक पीटा, एबीवीपी से जुड़े कार्यकर्ताओं पर गंभीर आरोप, 07 पर मुकदमा

छात्रसंघ चुनाव के बाद बवाल, डीबीस कॉलेज अध्यक्ष के कमरे से जबरन खींचकर ले गए थे

Round The Watch News: देहरादून में छात्रसंघ चुनाव के बाद छात्रों के बीच विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि एबीवीपी से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने डीबीएस कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफालिया के कमरे में घुसकर वहां मौजूद दो छात्रों के साथ मारपीट की। इसके बाद राहुल धानिक को जबरन एक्टिवा पर बैठाकर ले जाया गया और करनपुर क्षेत्र में बेहोशी की हालत में सड़क किनारे फेंक दिया गया। वहीं, दूसरे छात्र ध्रुव धपवाल को भी जबरन दूसरी एक्टिवा पर बैठाकर डीएवी चौक स्थित एबीवीपी के प्रदेश कार्यालय ले जाया गया, जहां उसके साथ दोबारा मारपीट करने का आरोप है।

पीड़ितों के अनुसार, घटना एक अक्टूबर की है। अपर आमवाला, मयूर विहार स्थित एक कमरे में राहुल धानिक और ध्रुव धपवाल सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान हिमांशु कुमार, योगेश घाघट, मनवीर नेगी, सुजीत थापा, राहुल और मोनू सरदार समेत अन्य लोग जबरन कमरे में दाखिल हुए और दोनों छात्रों पर लात-घूंसों तथा डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद मनवीर नेगी और योगेश घाघट राहुल धानिक को एक एक्टिवा पर जबरन बैठाकर ले गए, जबकि हिमांशु कुमार और सुजीत थापा ध्रुव धपवाल को दूसरी एक्टिवा पर ले गए।

राहुल का आरोप है कि रास्ते में भी उसके साथ मारपीट की गई। करनपुर क्षेत्र में पहुंचने के बाद आरोपित उसे गंभीर हालत में सड़क पर छोड़कर चले गए। बताया गया कि उस समय राहुल बेहोशी की हालत में था। दूसरी ओर ध्रुव को डीएवी चौक स्थित एबीवीपी प्रदेश कार्यालय ले जाया गया। वहां भी उसके साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने पर उसके साथी मुकेश बसड़ा और डीबीएस छात्रसंघ अध्यक्ष अभिनव कफालिया एबीवीपी कार्यालय पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद हुआ, जिसके बाद ध्रुव को वहां से छोड़ा गया और उसके साथी उसे अपने साथ ले गए।

29 सितंबर को आए थे चुनाव परिणाम
पूरा विवाद 29 सितंबर से एक अक्टूबर के बीच छात्रसंघ चुनाव के बाद शुरू हुआ। देहरादून के विभिन्न कॉलेजों में 29 सितंबर को छात्रसंघ चुनाव हुए थे और देर रात परिणाम घोषित किए गए। डीएवी पीजी कॉलेज में एबीवीपी के नवदीप राणा अध्यक्ष चुने गए, जबकि डीबीएस कॉलेज में एनएसयूआई के प्रत्याशी अभिनव कफालिया ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। डीबीएस कॉलेज में परिणाम आने के बाद एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई थी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मारपीट और हमला किया था, जिसकी शिकायत डालनवाला थाने में भी दी गई थी।

सात नामजद आरोपितों पर मुकदमा
एक अक्टूबर की घटना के बाद पीड़ित छात्रों ने रायपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने सात नामजद आरोपितों के खिलाफ अपहरण, जानलेवा मारपीट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले में हिमांशु कुमार, योगेश घाघट, मनवीर नेगी, सुजीत थापा, राहुल, मोनू सरदार समेत सात लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों तथा आरोपों की पड़ताल की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button