crimepoliceUttarakhand

उत्तराखंड में पुलिस को रौंदने की कोशिश, फिर गन्ने के खेत से अंधाधुंध फायरिंग, करना पड़ा एनकाउंटर

मंदिर में चोरी का आरोपी भी है आरोपी आरिफ, पैर में जा लगी गोली

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार जिले में मंदिर चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस की एक संदिग्ध टेंपो चालक से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, चेकिंग के दौरान चालक ने पुलिसकर्मियों पर टेंपो चढ़ाकर उन्हें रौंदने की कोशिश की और इसके बाद वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने पीछा किया तो धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास आरोपी टेंपो छोड़कर गन्ने के खेत में छिप गया। आरोप है कि खेत में छिपकर उसने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया।

मंदिर में चोरी करते हुए सीसीटीवी में कैद हुआ था आरिफ।

घायल आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र खलील, निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरिफ वही आरोपी है जिस पर एक अक्टूबर की रात खानपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रसिद्ध जटाशंकर महादेव मंदिर और दुर्गा माता मंदिर में चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि रात करीब 1:30 बजे दोनों मंदिरों में सेंधमारी हुई थी और आरोपी वहां से दानपेटियां चोरी कर फरार हो गया था। चोरी की पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी भी सामने आई थी।

शाहीपुर तिराहे पर पुलिस कर रही थी वाहनों की जांच
मंदिर चोरी का खुलासा करने के लिए खानपुर थाना पुलिस और क्षेत्र की चौकियों को अलर्ट किया गया था। इसी क्रम में गोवर्धनपुर चौकी क्षेत्र के शाहीपुर तिराहे पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि उसने वाहन रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों को रौंदने की कोशिश की और टेंपो को तेज गति से खानपुर की ओर भगा ले गया।

घटना की सूचना खानपुर पुलिस टीम को दी गई। पुलिस ने संदिग्ध टेंपो का पीछा शुरू किया। धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के पास पुलिस से घिरता देखकर चालक ने टेंपो छोड़ दिया और पास के गन्ने के खेत में भाग गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खेत में छिपकर पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

सीएचसी लक्सर से रुड़की रेफर किया गया
पुलिस ने घायल आरोपी को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उप जिला चिकित्सालय रुड़की रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान आरोपी ने पुलिस को अपना नाम आरिफ पुत्र खलील और पता तोड़ा जलालपुर, कोतवाली रुड़की बताया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में आरिफ की पहचान जटाशंकर महादेव मंदिर में हुई चोरी के आरोपी के रूप में हुई है। अब पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मंदिर चोरी और अन्य वारदातों में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button