crimeDehradun

23 साल के प्रेमी की खातिर पत्नी ने 38 वर्षीय पति को उतारा मौत के घाट, पत्नी-प्रेमी गिरफ्तार

पति ने फोन में देख लिए थे फोटो और वीडियो, फिर पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची साजिश

Aryan Walia, Dehradun: प्रेमनगर के मांडूवाला क्षेत्र में जंगल की खाई से मिले 38 वर्षीय मदन मुखिया के शव की गुत्थी को दून पुलिस ने करीब 12 घंटे में सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह कोई अचानक हुआ विवाद नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी मीना देवी का अपने पड़ोसी लल्लन शर्मा के साथ करीब तीन वर्षों से चल रहा प्रेम प्रसंग था। मृतक को पत्नी और लल्लन के संबंधों की जानकारी हो गई थी। उसने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी अन्य लोगों को बताने की धमकी दी थी। पुलिस का दावा है कि इसी डर से दोनों ने मिलकर मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के मुताबिक, पत्नी मीना देवी ही मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे मांडूवाला के जंगल में ले गई थी। वहां पहले उसे शराब पिलाई गई और नशे में होने के बाद मीना ने अपने प्रेमी लल्लन शर्मा के साथ मिलकर धारदार चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया गया और हत्या में इस्तेमाल चाकू झाड़ियों में छिपा दिया गया।

खाई में मिला था मदन का शव
03 अक्टूबर 2026 को प्रेमनगर क्षेत्र में मंडूवाला डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव खाई में पड़े होने की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रेमनगर गिरीश नेगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान मदन मुखिया पुत्र बालेश्वर मुखिया, निवासी बोन गांव, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 38 वर्ष, हाल निवासी मांडूवाला, झाझरा, देहरादून के रूप में हुई।

पुलिस के अनुसार, मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून और अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया।

मृतक के मकान मालिक सुरेंद्र सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी मांडूवाला, प्रेमनगर, देहरादून की तहरीर पर थाना प्रेमनगर में मु0अ0सं0 214/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी से लेकर मजदूरों के सत्यापन तक जांच
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर प्रेमनगर थाने में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल के आसपास और वहां आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आसपास रहने वाले मजदूरों का सत्यापन कराया गया। इसके साथ ही पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को 03 अक्टूबर को ही महत्वपूर्ण सुराग मिला। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मांडूवाला बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लल्लन ने मदन की हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की और बताया कि उसने मृतक की पत्नी मीना के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।

लल्लन से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी घटनास्थल के पास झाड़ियों से बरामद किया।

फोन में पत्नी और लल्लन की फोटो-वीडियो देखकर भड़का था मदन
पुलिस पूछताछ में लल्लन शर्मा ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और मांडूवाला में सुनील एक टेलर के यहां किराये पर रहकर मजदूरी करता है। उसके अनुसार, पिछले दो-तीन वर्षों से उसका अपने पड़ोसी मदन मुखिया की पत्नी मीना के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों ने इस संबंध को छिपाकर रखा था।

पुलिस के मुताबिक, घटना से दो दिन पहले मांडूवाला स्थित तिरुपति मंदिर में मजदूरी करने के दौरान मदन ने दोपहर के समय लल्लन का मोबाइल फोन चेक किया। फोन में उसे अपनी पत्नी मीना और लल्लन की फोटो व वीडियो दिखाई दिए। इसके बाद मदन गुस्से में आ गया और उसने लल्लन व अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। साथ ही दोनों के संबंधों के बारे में सभी को बताने की बात कही।

पुलिस का कहना है कि यही धमकी हत्या की साजिश की मुख्य वजह बनी। लल्लन को डर था कि उसका प्रेम प्रसंग सामने आने से बदनामी होगी। उसने यह बात मीना को बताई और दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

शराब पिलाने के बहाने जंगल ले गई पत्नी
पुलिस के अनुसार, योजना के तहत शाम के समय मीना अपने पति मदन को शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से सटे जंगल में ले गई। वहां मदन को शराब पिलाई गई। जब वह नशे में धुत हो गया तो मीना और लल्लन ने मिलकर उस पर चाकू से हमला किया और उसकी गर्दन काटकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद दोनों ने शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया। घटना में इस्तेमाल चाकू को भी पास की झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने बाद में लल्लन की निशानदेही पर यही चाकू बरामद करने का दावा किया है।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
1. लल्लन शर्मा, पुत्र गणेश शर्मा, निवासी ग्राम वीरवार, पोस्ट मेनाग्राम, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 23 वर्ष। वर्तमान पता—सुनील टेलर का किरायेदार, मांडूवाला, लोअर प्रेमनगर, देहरादून।
2. मीना देवी, पत्नी मदन, निवासी बोनगांव, थाना महिषी, जिला सहरसा, बिहार, उम्र 30 वर्ष।

मर्डर मिस्ट्री सुलझाने वाली पुलिस टीम
हत्या के खुलासे में उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, थानाध्यक्ष प्रेमनगर; वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत; उपनिरीक्षक प्रद्युम्न सिंह नेगी, चौकी प्रभारी झाझरा; उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा; कांस्टेबल रोबिन सिंह; कांस्टेबल अमरेंद्र; महिला कांस्टेबल सुशीला और कांस्टेबल चालक जीएस सैनी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button