उत्तराखंड पुलिस का एएसआई घूस लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की एक दिन में दूसरी कार्रवाई
हरिद्वार में जीएसटी के बाबू को रंगे हाथ दबोचा, तो ऊधम सिंह नगर में दरोगा को किया ट्रैप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: हरिद्वार में जीएसटी के क्लर्क प्रमोद सेमवाल को 20 हजार रुपए की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार करने के बाद कुमाऊं में भी विजिलेंस एक्शन में दिखी। हल्द्वानी सेक्टर की विजिलेंस टीम ने एएसआई को दिनेशपुर क्षेत्र से 15 हजार की घूस लेते दबोच लिया।
शिकायतकर्ता, निवासी दिनेशपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर ने सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम पर थाना गदरपुर में बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मुकदमे की विवेचना थाना में तैनात ASI अनवर अहमद द्वारा की जा रही थी।
“केस निपटाने” के बदले ₹15 हजार की डिमांड
शिकायत के अनुसार, विवेचक ASI अनवर अहमद ने मुकदमे को निपटाने और राहत दिलाने के एवज में ₹15,000 की रिश्वत की मांग की। पीड़ित ने यह बात सतर्कता अधिष्ठान को बताई, जिसके बाद पूरे मामले की गुप्त जांच कर ट्रैप प्लान तैयार किया गया।
ट्रैप ऑपरेशन: कैमरे की नजर, कानून की पकड़
आज दिनांक 24 फरवरी 2026 को सतर्कता टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए ASI अनवर अहमद को शिकायतकर्ता से ₹15,000 लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के समय रिश्वत की रकम भी मौके से बरामद की गई। पूरी कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया, साक्ष्य संकलन और गवाहों की मौजूदगी में अंजाम दी गई।
थाना दिनेशपुर में तैनाती, जनपद में हड़कंप
गिरफ्तार आरोपी ASI अनवर अहमद, थाना दिनेशपुर, जनपद उधम सिंह नगर में तैनात था। गिरफ्तारी की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर आक्रोश और चर्चा तेज हो गई है।
भ्रष्टाचार पर सीधा प्रहार
यह कार्रवाई सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि सिस्टम में जमी रिश्वतखोरी की मानसिकता पर सीधा प्रहार मानी जा रही है। सतर्कता अधिष्ठान की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि वर्दी हो या पद, कानून से ऊपर कोई नहीं।
“अगर आपसे भी किसी सरकारी अधिकारी द्वारा रिश्वत मांगी जाए, तो डरें नहीं — सतर्कता अधिष्ठान से संपर्क करें। आपकी पहचान सुरक्षित रखी जाएगी और कार्रवाई सुनिश्चित होगी।” यह गिरफ्तारी भी उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ जारी अभियान की एक बड़ी कामयाबी मानी जा रही है।



