crimeDehradun

प्रॉपर्टी डीलर बाप-बेटे ने पति को दबाव में लिया और पत्नी के साथ किया रेप

देहरादून और ऋषिकेश के बड़े प्रॉपर्टी डीलरों में शामिल मंजीत जौहर और उसके बेटे मानव पर गंभीर आरोप

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ऋषिकेश में जिस महिला ने प्रॉपर्टी डीलर पिता-पुत्र (मंजीत जौहर और मानव जौहर) पर रेप के गंभीर आरोप लगाए हैं, उसने पुलिस को इस पूरी घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया है। जिसमें कहा गया है कि कैसे उसके आर्थिक रूप से कमजोर पति को दबाव में लिया और फिर उसके साथ रेप किया जाता रहा। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में मंजीत जौहर, उसके बेटे मानव जौहर और मानव के पार्टनर कुशाग्र शर्मा के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि प्रॉपर्टी डीलर मंजीत जौहर और उसका बेटा मानव जौहर अभी फरार बताए जा रहे हैं।

2016 में शादी और 2022 में रेप
पीड़िता के अनुसार उसकी शादी साल 2016 में हुई थी। कुछ वर्षों बाद उसके पति ने प्रॉपर्टी डीलर मनजीत जौहर और उसके बेटे मानव जौहर के साथ काम करना शुरू किया। उसी दौरान आरोपियों का घर में आना-जाना बढ़ा और परिवार उनके प्रभाव में आ गया। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए जनवरी 2022 में मंजीत जौहर ने घर में अकेला पाकर उसके साथ जबरदस्ती की और विरोध करने पर पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी। पारिवारिक परिस्थितियों और पिता की खराब सेहत के चलते वह उस समय चुप रही।

फिर पेंट हाउस में बेटे ने किया रेप
मामला यहीं नहीं रुका। महिला का कहना है कि 10 फरवरी 2023 को उसका पति उसे दोस्तों से मिलवाने के बहाने एक पेंटहाउस में ले गया, जहां मानव जौहर पहले से मौजूद था। वहां उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया, जिसके बाद बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। होश में आने के बाद उसे इस घटना का अंदाजा हुआ और अगले दिन आरोपी की ओर से उसके मोबाइल पर ‘थैंक्स’ का मैसेज भी भेजा गया।

कुशाग्र ने बेहोशी में खींची तस्वीरें, बार-बार जबरदस्ती
इसके बाद मामले में तीसरे आरोपी कुशाग्र शर्मा उर्फ रोमी की भूमिका सामने आई। पीड़िता का आरोप है कि उसने बेहोशी की हालत में ली गई उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें दिखाकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इन तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उसे डराया गया और फिर ऋषिकेश और देहरादून के अलग-अलग होटलों व फार्महाउसों में ले जाकर बार-बार दुष्कर्म किया गया।

महिला का कहना है कि इस दौरान आरोपियों ने उसके पिता, बहनों और उसकी छोटी बेटी को जान से मारने की धमकियां भी दीं। लगातार मानसिक दबाव और शोषण के चलते वह डिप्रेशन में चली गई। आखिरकार उसने हिम्मत जुटाकर अपनी बहन को पूरी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, बंधक बनाने और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी कुशाग्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मंजीत जौहर और मानव जौहर की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button