पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची नाबालिग गर्भवती निकली, मुकदमा दर्ज
युवक पर नाबालिग को बहला फुसलाकर संबंध बनाने के आरोप

Round The Watch news: हल्द्वानी क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाई गई एक नाबालिग के गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिससे परिजनों सकते में आ गए। शिकायत पर दुष्कर्म के आरोपी व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार, एक 16 साल की नाबालिग को कुछ दिनों से पेट दर्द की समस्या थी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकीय जांच में पता चला कि वह करीब दो माह की गर्भवती है।
मामले की जानकारी मिलने पर परिजनों ने किशोरी से पूछा तो पता चला कि वैलेजली लॉज निवासी मुकुल पाल ने उसके साथ संबंध बनाए हैं। पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। साथ ही पीड़िता के हितों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
वहीं, परिजनों ने गर्भपात कराने के लिए कोर्ट में अर्जी भी लगाई है। पुलिस आरोपों की पुष्टि और कानूनी कार्रवाई की मजबूती के लिए डीएनए जांच भी करेगी।



