HealthUttarakhand

प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ का शपथ ग्रहण अधिवेशन सम्पन्न, नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ

स्वास्थ्य मंत्री उनियाल ने किया समारोह का उदघाटन, सीएम धामी में वर्चुअल किया संबोधित

Round The Watch News: प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ उत्तराखंड ने देहरादून में शपथ ग्रहण अधिवेशन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अपने-अपने पद एवं दायित्वों की विधिवत शपथ ली।

अधिवेशन का शुभारंभ उत्तराखंड के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल तथा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि नए पदाधिकारियों पर संगठन को नई दिशा देने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों से जुड़ी लंबित प्रशासनिक प्रक्रियाओं, विशेष रूप से डीपीसी तथा एसडीएसपी संबंधी मामलों को समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सेवा में एक बार छूट प्रदान करने के मुद्दे पर भी शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। साथ ही सभी जिला एवं उप जिला चिकित्सालयों में चिकित्सकों की सुरक्षा के लिए पुलिस चौकी स्थापित कराने तथा दूरदराज क्षेत्रों में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों के लिए डॉक्टर कॉलोनी विकसित करने की बात कही।

काबीना मंत्री ने चिकित्सकों की पोस्टिंग को उनके प्रदर्शन के आधार पर किए जाने पर जोर दिया। इसके साथ ही सुगम एवं दुर्गम क्षेत्रों के चयन को राज्य स्तर पर व्यवस्थित रूप से तय करने की आवश्यकता भी बताई। उन्होंने चिकित्सकों की विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम में पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रांतीय चिकित्सा स्वास्थ्य सेवा संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

इस अवसर पर राज्य के विभिन्न जनपदों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लगभग 150 चिकित्सकों को सम्मानित किया गया। साथ ही चिकित्सकों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी प्रस्तुति दी गई, जिसने समारोह को और गरिमामय बना दिया।

अधिवेशन के दौरान डॉ. रमेश कुंवर ने अध्यक्ष पद तथा डॉ. यशपाल सिंह तोमर ने महासचिव पद की शपथ ली। इसके अलावा अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने पद की गरिमा बनाए रखने तथा ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

वक्ताओं ने संगठन की भावी योजनाओं, सामाजिक उत्तरदायित्वों और जनहित से जुड़े कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यगण, वरिष्ठ चिकित्सक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. यशपाल तोमर ने स्वास्थ्य मंत्री, सभी अतिथियों तथा प्रदेशभर से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया और संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. तृप्ति बहुगुणा, डॉ. आर.सी. पंत, डॉ. शिखा जगपांगी, डॉ. रश्मि पंत, डॉ. डी.पी. जोशी, डॉ. बी.सी. रमोला, डॉ. मनोज वर्मा सहित सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारी, पीएमएस/सीएमएस एवं प्रदेशभर से आए चिकित्सकों ने प्रतिभाग किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button