Uttarakhandचर्चा मेंसामाजिक

वीडियो: श्मशान घाट बना ‘वेडिंग डेस्टिनेशन’, जयमाला की रस्म पर मचा बवाल

अल्मोड़ा के सल्ट स्थित मर्चूला के श्मशान घाट पर विवाह की रस्मों ने समाज को सकते में डाला

Rajkumar Dhiman, Uttarakhand: उत्तराखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग हब बनाने की कवायद के बीच अल्मोड़ा जिले के मर्चूला से सामने आया एक मामला न केवल हैरान करने वाला है, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक बहस को भी तेज कर गया है। यहां पवित्र रामगंगा और बदनगढ़ नदी के संगम स्थित पारंपरिक अंत्येष्टि स्थल पर विवाह समारोह आयोजित किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि बाहरी पर्यटकों का एक दल विवाह समारोह के लिए मर्चूला पहुंचा था। शानदार प्राकृतिक लोकेशन की तलाश में उन्होंने रिजॉर्ट के समीप उस स्थान को चुना, जिसे स्थानीय लोग वर्षों से श्मशान घाट के रूप में उपयोग करते आए हैं। यहीं पर जयमाला समेत विवाह की रस्में निभाई गईं।

वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही मामला तूल पकड़ गया। लोगों ने सवाल उठाए कि जहां अंतिम संस्कार जैसे संस्कार संपन्न होते हैं, वहां विवाह जैसे शुभ आयोजन की अनुमति कैसे दी गई। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे परंपराओं और स्थानीय आस्था के साथ खिलवाड़ बताया।

सामाजिक संगठनों का कड़ा विरोध
स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता परम कांडपाल ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि अंत्येष्टि स्थल पर विवाह समारोह “किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं” है। वहीं, अन्य लोगों ने भी पूछा कि क्या डेस्टिनेशन वेडिंग के नाम पर अब सांस्कृतिक मर्यादाएं इस तरह तोड़ी जाएंगी।

प्रशासन ने जताई सख्ती
मामले में प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। तहसीलदार आबिद अली ने स्पष्ट किया कि किसी भी सार्वजनिक स्थल, विशेषकर श्मशान घाट जैसे संवेदनशील स्थान पर आयोजन के लिए पूर्व अनुमति अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि इस मामले में न तो प्रशासन को सूचना दी गई और न ही अनुमति ली गई। तहसीलदार के मुताबिक, “रिजॉर्ट संचालक से जवाब तलब किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई, यहां तक कि चालान भी किया जा सकता है।”

रिजॉर्ट प्रबंधन का पक्ष
रिजॉर्ट प्रबंधक राकेश शर्मा का कहना है कि उन्होंने आयोजनकर्ताओं को वैकल्पिक स्थान सुझाया था, लेकिन उन्होंने स्वयं इस लोकेशन को चुना। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आयोजन से पहले स्थानीय प्रशासन या ग्राम समुदाय से कोई सहमति ली गई थी या नहीं।

डेस्टिनेशन वेडिंग बनाम परंपराएं
मर्चूला का यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए डेस्टिनेशन वेडिंग नीति पर विचार कर रही है। लेकिन यह मामला इस बात की भी चेतावनी देता है कि अनियंत्रित गतिविधियां स्थानीय परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं को आहत कर सकती हैं। फिलहाल, वायरल वीडियो और बढ़ते विरोध के बीच प्रशासन जांच में जुट गया है। आने वाले दिनों में इस पर सख्त कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button