भाई की शादी से पहले दो बहनों की मौत, शादी की खरीदारी करने गई थीं बाजार
ई रिक्शा को किराया देते समय बेकाबू कार ने मारी टक्कर, परिवार में मचा कोहराम

Round The Watch News: उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। भाई की शादी की तैयारियों के बीच खरीदारी कर लौट रहीं दो सगी बहनों की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, नयागांव निवासी 22 वर्षीय हिना और उसकी बड़ी बहन 25 वर्षीय निशा अपनी ममेरी बहन रूबी के साथ भाई की शादी के लिए सामान खरीदने सितारगंज बाजार गई थीं। खरीदारी के बाद तीनों ई-रिक्शा से घर लौट रही थीं।
बताया जा रहा है कि नयागांव के पास हाईवे किनारे जब वे ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं, तभी सितारगंज की दिशा से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने ओवरटेक करते समय नियंत्रण खो दिया और ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में सवार और पास खड़े लोग दूर जा गिरे। हादसे में तीनों बहनों समेत कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। अन्य घायलों को सितारगंज के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि तीनों बहनों को उप जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
इलाज के दौरान हिना की मौत हो गई, जबकि निशा ने रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में दम तोड़ दिया। तीसरी बहन रूबी का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इस हृदयविदारक घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर से आज बारात निकलनी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मृतक बहनों के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। साथ ही आगे की कार्रवाई को भी अंजाम दिया गया।



