crimeUttarakhandआपदा प्रबंधन

रोडवेज बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 12 से अधिक महिलाएं गंभीर घायल, चालक फरार

बस ने पीछे से मारी टक्कर और पलट गई ट्रॉली, चीख पुकार सुनकर मदद को दौड़े लोग

Amit Bhatt, Uttarakhand: हरिद्वार जिले के रुड़की क्षेत्र में रविवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हरियाणा रोडवेज की एक बस ने महिलाओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रॉली पलट गई और उसमें सवार 12 से अधिक महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा मंगलौर कोतवाली से महज कुछ दूरी पर हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

पीछे से मारी टक्कर, दूसरी ट्रॉली भी चपेट में
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे मंगलौर हाईवे पर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां एक के पीछे एक चल रही थीं। तभी पीछे से आ रही हरियाणा रोडवेज बस ने महिलाओं से भरी ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अनियंत्रित हुई ट्रॉली आगे चल रही उपलों से लदी दूसरी ट्रॉली से जा भिड़ी। इस दौरान दोनों ट्रॉलियां पलट गईं और सड़क पर उपलों का ढेर फैल गया।

हादसे के बाद चालक फरार, हाईवे पर जाम
हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। सड़क पर ट्रॉलियों के पलटने और सामान बिखरने के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक यूपी, उत्तराखंड और हरियाणा की ओर जाने वाला यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा।

मदद को दौड़े लोग, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। कई महिलाएं सड़क पर ही मदद की गुहार लगाती नजर आईं।

15 से अधिक लोग थे सवार, कई की हालत नाजुक
पुलिस के अनुसार, ट्रॉलियों में 15 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें महिलाएं अधिक संख्या में थीं। सभी हरचंदपुर से मंगलौर की ओर जा रहे थे। हादसे में 12 से ज्यादा महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।

शिकायत का इंतजार, जांच जारी
मंगलौर पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलते ही फरार बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button