crimeUttarakhand

पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी पति की हत्या, शव नहर में फेंका

पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को दबोचा, सर्विलांस ने खोला हत्या का राज

Round The Watch News: ऊधम सिंह नगर के काशीपुर इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों ने सबूत मिटाने के लिए शव को नहर में फेंक दिया।

ऐसे खुला खौफनाक राज
1 मई 2026 को मामला तब सामने आया, जब रामपुर जिले के स्वार क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की शिकायत काशीपुर की आईटीआई कोतवाली में दर्ज कराई। कुलवंत 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने बांसखेड़ा गांव गया था, लेकिन फिर वापस नहीं लौटा।

शक से शुरू हुई जांच, सच तक पहुंची पुलिस
परिजनों के सवालों पर पत्नी गुड्डी के जवाब टालमटोल भरे थे। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि 25 अप्रैल को पति-पत्नी के बीच तीखा झगड़ा हुआ था। इसके बाद से कुलवंत गायब था। मामला संदिग्ध लगने पर पुलिस ने जांच तेज कर दी।

सर्विलांस ने हत्या से उठाया पर्दा
जांच के दौरान सर्विलांस से चौंकाने वाली जानकारी सामने आई। गुड्डी का मसवासी निवासी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या के साथ प्रेम संबंध था। घटना के समय दोनों की लोकेशन एक ही जगह मिली।

शराब में जहर, फिर मौत
पुलिस पूछताछ में गुड्डी ने कबूल किया कि पति की शराब की लत और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 25 अप्रैल को उसने पति को जहर मिली शराब पिलाई, जिससे उसकी मौत हो गई। शराब और जहर उसने प्रेमी से ही मंगवाया था।

शव ठिकाने लगाने की साजिश
हत्या के बाद गुड्डी ने अपने प्रेमी को बुलाया। दोनों ने शव को अल्टो कार में डालकर NH-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया।

आरोपी गिरफ्तार, शव की तलाश जारी
एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस और एसओजी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नहर में सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर शव की तलाश कर रही है। यह वारदात न सिर्फ रिश्तों के विश्वास को झकझोरती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि अवैध संबंध किस हद तक खतरनाक मोड़ ले सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button