वीडियो: 31 ग्रामीणों पर मुकदमा, अफीम की अवैध खेती करने पर पुलिस राजस्व टीम का बड़ा प्रहार
एनडीपीएस में मुकदमा, 75 वर्ग मीटर में उगाई पोस्त की फसल मौके पर नष्ट

Neeraj Uttarakhandi, Uttarkashi: उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ने सोमवार को बड़ा रूप लिया। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सुदूरवर्ती इलाके में छापेमारी कर अफीम (पोस्त) की अवैध खेती का पर्दाफाश किया। कार्रवाई के दौरान 31 भू-स्वामियों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
“ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत जिले में नशे के नेटवर्क पर लगातार चोट की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक बड़कोट के पर्यवेक्षण में 3 मई को तहसीलदार और थाना मोरी पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पेन्सर (कनुरा तोक मार्ग) में दबिश दी। दूरदराज के इस इलाके में टीम की कार्रवाई ने अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया।
छापेमारी के दौरान लगभग 75 वर्ग मीटर क्षेत्र में उगाई जा रही अफीम/पोस्त की फसल को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। टीम ने साक्ष्य के तौर पर पौधों और डंठलों के नमूने भी एकत्र किए, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह खेती बिना किसी वैध लाइसेंस के की जा रही थी।
पुलिस ने इस मामले में 31 भू-स्वामियों के खिलाफ थाना मोरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खेती के जरिए नशे के कारोबार को बढ़ावा देने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
इस संयुक्त अभियान में तहसीलदार मोरी, थानाध्यक्ष मोरी, कानूनगो, राजस्व उपनिरीक्षक सहित पुलिस और राजस्व विभाग की टीम शामिल रही। कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि नशे के खिलाफ जंग अब और तेज होगी।
प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं। अधिकारियों के मुताबिक, आने वाले दिनों में ऐसे अभियानों की तीव्रता और बढ़ाई जाएगी, ताकि “देवभूमि” को नशे के जाल से पूरी तरह मुक्त किया जा सके।



