DehradunEducation

निजी स्कूल के चार छात्र स्कूल से नहीं पहुंचे घर, स्कूल प्रशासन के खिलाफ फूटा गुस्सा

चारों आपस मे बताए जा रहे दोस्त, देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो बढ़ी चिंता

Round The Watch News: डोईवाला क्षेत्र के माजरी स्थित एक निजी विद्यालय के चार छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए। स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय लोग स्कूल पहुंच गए और विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।

जानकारी के अनुसार, लापता हुए चारों छात्र कक्षा सात के विद्यार्थी हैं और आपस में मित्र बताए जा रहे हैं। इनमें से तीन छात्र रोजाना स्कूल बस से घर लौटते थे, जबकि एक छात्र साइकिल से स्कूल आता-जाता था। बताया जा रहा है कि छुट्टी के बाद ये छात्र स्कूल बस में सवार ही नहीं हुए।

जब देर शाम तक बच्चे घर नहीं पहुंचे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि चारों छात्र स्कूल परिसर से निकल चुके थे। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। बच्चों के अचानक गायब होने की सूचना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

इधर, स्थानीय लोगों ने स्कूल के बाहर एकत्र होकर विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई। उनका कहना था कि छुट्टी के बाद बच्चों की निगरानी में गंभीर लापरवाही बरती गई।

बताया गया कि स्कूल की छुट्टी दोपहर करीब 1:30 बजे हुई थी, लेकिन देर रात तक भी छात्र अपने घर नहीं पहुंचे। लापता छात्रों में एक छात्र शेरगढ़, एक माजरी और दो डोईवाला क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।

जांच के दौरान गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी सामने आई है, जिसमें चारों छात्र साथ जाते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश तेज कर दी है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और बाहरी मार्गों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

लालतप्पड़ पुलिस चौकी प्रभारी आदित्य सैनी ने बताया कि छात्रों की तलाश के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। सोशल मीडिया के जरिए भी बच्चों की जानकारी साझा कर लोगों से सहयोग मांगा जा रहा है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को इन छात्रों के संबंध में कोई सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को अवगत कराएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button