Dehradun

ऋषिकेश में पटरी से उतरी ट्रेन की बोगियां, बड़ा हादसा टला

शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस के साथ हुआ हादसा, जांच शुरू

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ऋषिकेश में सोमवार रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे शंटिंग के दौरान पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन पूरी तरह खाली थी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे ऋषिकेश रेलवे स्टेशन से आगे खांड गांव क्षेत्र के पास हुआ। बताया जा रहा है कि योगनगरी रेलवे स्टेशन से संचालित होने वाली उज्जैनी एक्सप्रेस की शंटिंग प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन के तीन कोच अचानक पटरी से उतर गए। डिब्बों के बेपटरी होते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, इंजीनियरिंग टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। देर रात तक ट्रैक को दुरुस्त करने और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम जारी रहा। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए ट्रैक पर आवाजाही भी रोक दी गई थी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के दौरान जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घबराकर बाहर निकल आए। रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत आसपास का क्षेत्र खाली कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

प्रारंभिक स्तर पर शंटिंग के दौरान तकनीकी गड़बड़ी को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि रेलवे अधिकारियों ने कहा है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जा रही है और तकनीकी टीम रिपोर्ट तैयार कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि ट्रेन खाली होने के कारण कोई यात्री प्रभावित नहीं हुआ और फिलहाल रेल सेवाएं सामान्य हैं।

उज्जैनी एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के इंदौर को हरिद्वार, योगनगरी ऋषिकेश और देहरादून से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण ट्रेन मानी जाती है। सप्ताह में दो दिन चलने वाली यह रेल सेवा उत्तराखंड आने-जाने वाले यात्रियों के लिए अहम कड़ी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button