DehradunUttarakhand

रेलवे फाटक पर थमी सीएम धामी की फ्लीट, लगा देखा लंबा जाम

हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे मुख्यमंत्री

Rajkumar Dhiman, Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की फ्लीट गुरुवार को रायवाला रेलवे फाटक पर कुछ समय के लिए रुक गई। हरिद्वार में आयोजित एक कार्यक्रम से लौटते वक्त रेलवे फाटक बंद होने के कारण वाहनों का काफिला आगे नहीं बढ़ सका। करीब दो मिनट बाद फाटक खुलने पर मुख्यमंत्री का काफिला रायवाला छावनी स्थित हेलीपैड की ओर रवाना हुआ, जहां से उन्होंने देहरादून के लिए उड़ान भरी।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री धामी हरिद्वार स्थित निष्काम सेवा ट्रस्ट आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम करीब चार बजे रायवाला कैंट क्षेत्र के हेलीपैड के लिए निकले थे। इसी दौरान रायवाला रेलवे क्रॉसिंग पर दो ट्रेनों के गुजरने का समय हो गया। रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था के तहत फाटक बंद कर दिया गया, जिससे मुख्यमंत्री का काफिला भी अन्य वाहनों की तरह कुछ समय के लिए वहीं रुक गया।

बताया गया कि उस समय हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर जा रही हावड़ा एक्सप्रेस और देहरादून से लखनऊ जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस के आवागमन के चलते रेलवे फाटक बंद रखा गया था। ट्रेनों के सुरक्षित गुजरने के बाद फाटक दोबारा खोला गया और यातायात सामान्य हुआ।

रायवाला रेलवे फाटक क्षेत्र में जाम और लंबी प्रतीक्षा की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। स्थानीय लोग कई वर्षों से यहां रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) निर्माण की मांग उठाते रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दिन में कई बार फाटक बंद होने से आम लोगों, स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर 2024 में भी मुख्यमंत्री की फ्लीट इसी रेलवे फाटक पर कुछ समय के लिए रुक गई थी। इसके बाद इस क्रॉसिंग की समस्या और अधिक चर्चा में आई थी।

राज्य सरकार ने भी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए दिसंबर 2025 में रायवाला रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण की घोषणा की थी। यह परियोजना सरकार की वर्ष 2025 की घोषणाओं में शामिल है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि ओवरब्रिज बनने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर यातायात बाधित होने की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button