दून पुलिस के शिकंजे में 25 हजार का इनामी भू-माफिया, करोड़ों की जमीन धोखाधड़ी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार
एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री और 6.75 करोड़ की ठगी का आरोपी आईटी पार्क क्षेत्र से दबोचा

Amit Bhatt, Dehradun: एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। राजपुर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी और कुख्यात भू-माफिया विशाल कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक वृद्ध एनआरआई महिला की जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने और राजपुर रोड स्थित करोड़ों रुपये की संपत्ति का सौदा करने के नाम पर 6.75 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी विशाल कुमार लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ उत्तराखंड तथा उत्तर प्रदेश में गैंगस्टर, धोखाधड़ी, जालसाजी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
करोड़ों की जमीन का सौदा, न रजिस्ट्री हुई और न लौटे पैसे
पुलिस के मुताबिक लक्ष्मण चौक निवासी कारोबारी कमल जिंदल ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि विशाल कुमार और उसके साथियों ने उन्हें राजपुर रोड स्थित एक संपत्ति दिखाकर बिक्री का झांसा दिया। आरोप है कि विभिन्न माध्यमों से उनसे 6 करोड़ 75 लाख रुपये ले लिए गए, लेकिन न तो संपत्ति की रजिस्ट्री की गई और न ही रकम वापस की गई। इससे पहले भी एक वृद्ध एनआरआई महिला ने आरोपी के खिलाफ अपनी जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कराने का मुकदमा दर्ज कराया था। दोनों मामलों की जांच के दौरान आरोपी की आपराधिक गतिविधियों का बड़ा नेटवर्क सामने आया।
आईटी पार्क के पास दबोचा गया आरोपी
राजपुर थाना पुलिस की टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। लगातार दबिशों के बाद पुलिस ने मंगलवार को आईटी पार्क चौक के निकट तपोवन रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के समय आरोपी एक क्रेटा कार में सवार था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने हथियार बरामद होने पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मुकदमा दर्ज किया है।
गैंगस्टर समेत दो दर्जन मुकदमे
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार विशाल कुमार के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, शामली, गाजियाबाद और उत्तराखंड के देहरादून में गैंगस्टर एक्ट, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के लगभग 24 मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पूर्व में कई बार जेल भी जा चुका है।
संपत्ति कारोबार की आड़ में बनाता था शिकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संपत्ति कारोबार की आड़ में लोगों को महंगी जमीन और संपत्तियों का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी करता था। कई मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों के सौदे किए गए। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
बरामदगी
एक अवैध .32 बोर पिस्टल
दो जिंदा कारतूस
क्रेटा कार (यूके-07 एचबी-1133)



