मैदान में खेल रहे थे बच्चे, तभी हुई डगमगाते हुए हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग
हल्द्वानी में खराब मौसम के चलते निजी हेलिकॉप्टर की घटना, बड़ा हादसा टला

Amit bhatt, Uttarakhand: नैनीताल जिले में शनिवार को अचानक बदले मौसम के कारण एक निजी कंपनी के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। गंतव्य से महज कुछ मिनट पहले तेज बारिश और बेहद खराब विजिबिलिटी के चलते पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज के मैदान में हेलिकॉप्टर सुरक्षित उतार दिया। उस समय मैदान में 10 से 12 बच्चे खेल रहे थे, लेकिन समय रहते सभी सुरक्षित रहे और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
पिथौरागढ़ से हल्द्वानी आ रहा था हेलिकॉप्टर
जानकारी के अनुसार, निजी कंपनी का हेलिकॉप्टर रोजाना गौलापार स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स हेलीपैड और पिथौरागढ़ के बीच नियमित सेवा संचालित करता है। शनिवार दोपहर हेलिकॉप्टर दो यात्रियों और एक पायलट को लेकर पिथौरागढ़ से हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ था। इसकी निर्धारित लैंडिंग शाम चार बजे गौलापार हेलीपैड पर होनी थी।
लैंडिंग से दो मिनट पहले बिगड़ा मौसम
हल्द्वानी पहुंचने से करीब 10 किलोमीटर पहले, जब हेलिकॉप्टर अपने गंतव्य से लगभग दो मिनट की दूरी पर था, तभी अचानक मौसम ने करवट ले ली। क्षेत्र में मूसलाधार बारिश शुरू हो गई और घने बादलों के कारण विजिबिलिटी लगभग शून्य हो गई। ऐसे हालात में पायलट के लिए आगे का रास्ता देख पाना मुश्किल हो गया।
हवा में डगमगाया हेलिकॉप्टर, यात्रियों की बढ़ी चिंता
खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर कुछ समय तक हवा में चक्कर काटता रहा और तेज हवाओं के बीच डगमगाने लगा। इस दौरान हेलिकॉप्टर में सवार दोनों यात्रियों की चिंता बढ़ गई। वहीं, काठगोदाम क्षेत्र के लोगों ने भी हेलिकॉप्टर को असामान्य स्थिति में उड़ते देखा और उसके वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए।
पायलट ने एटीसी से मांगी इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति
स्थिति को जोखिमपूर्ण देखते हुए पायलट ने निर्धारित हेलीपैड तक पहुंचने का प्रयास नहीं किया। उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क कर खराब मौसम की जानकारी दी और निकटतम सुरक्षित स्थान पर इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। अनुमति मिलने के बाद पायलट ने काठगोदाम स्थित नगर निगम इंटर कॉलेज के मैदान को सुरक्षित स्थान के रूप में चुना और वहां सफलतापूर्वक हेलिकॉप्टर उतार दिया।
स्कूल परिसर में खेल रहे थे बच्चे
जिस समय हेलिकॉप्टर स्कूल मैदान में उतरा, उस समय परिसर में 10 से 12 बच्चे खेल रहे थे। अचानक हेलिकॉप्टर को नीचे उतरते देख बच्चे हैरान रह गए। कुछ बच्चों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा
रिहायशी क्षेत्र के स्कूल में हेलिकॉप्टर उतरने की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस, तहसीलदार कुलदीप पांडे और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि हेलिकॉप्टर में सवार दोनों यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्रशासन ने दोनों यात्रियों को निजी वाहनों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
पायलट की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
अधिकारियों के अनुसार, मौसम अचानक खराब होने के बावजूद पायलट ने धैर्य और समझदारी से निर्णय लेते हुए सुरक्षित स्थान पर हेलिकॉप्टर उतारा। उनकी तत्परता और सही फैसले की वजह से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।



