नेहरू कॉलोनी में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी का खुलासा, दो गैंगस्टर गिरफ्तार
विदेशी करेंसी, ज्वेलरी, नकदी और चोरी के औजार बरामद, दिन में बंद मकानों की रेकी और रात में देते थे वारदात को अंजाम

Amit Bhatt, Dehradun: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में देहरादून पुलिस ने नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में हुई नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए गैंगस्टर एक्ट के दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई इंडोनेशियन विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, लेडीज पर्स और वारदात में प्रयुक्त औजार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार चार जुलाई को लेन नंबर-1, भंडारी चौक निवासी सीता कुकरेती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर का ताला तोड़कर विदेशी करेंसी, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर थाना नेहरू कॉलोनी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर की सूचना के आधार पर छह जुलाई की रात मोथरोवाला पुल के पास सपेरा बस्ती के पीछे से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निसार अली उर्फ लोटा उर्फ मनीष (27) निवासी आजाद कॉलोनी, आईएसबीटी और नासिर उर्फ निन्ना (41) निवासी मूल रूप से बेहट, सहारनपुर (वर्तमान पता आजाद कॉलोनी, आईएसबीटी, देहरादून) के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों दिन के समय अलग-अलग इलाकों में घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे और रात के समय मौका देखकर ताला तोड़कर चोरी करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ पहले से चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट, शस्त्र अधिनियम समेत कई संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से इंडोनेशियन करेंसी, चांदी की तीन जोड़ी पायजेब, पांच जोड़ी बिछुए, बच्चों का ताबीज, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, 1700 रुपये नकद, लेडीज हैंड पर्स तथा लोहे की रॉड, पेचकस, टॉर्च, चाकू, आरी, कटर, प्लास और अन्य औजार बरामद किए हैं।



