भारी बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे के बीच देहरादून में कल स्कूल बंद, डीएम ने जारी किए आदेश

Amit Bhatt, Dehradun: मौसम विभाग की ओर से जारी भारी बारिश और आकाशीय बिजली की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने देहरादून जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में बुधवार 9 जुलाई को एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है। जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष सविन बंसल के निर्देश पर यह आदेश जारी किया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) देहरादून तथा राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के माध्यम से प्राप्त नवीनतम मौसम पूर्वानुमान में 9 जुलाई को देहरादून जनपद में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र बारिश के दौर पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
प्रशासन का कहना है कि प्रतिकूल मौसम के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जनपद में संचालित कक्षा एक से बारहवीं तक के सभी शिक्षण संस्थानों में 9 जुलाई को अवकाश रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। यह आदेश सरकारी, सहायता प्राप्त, गैर सरकारी और निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि देहरादून जिले के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 9 जुलाई को बंद रहेंगे। मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन सभी संस्थानों में आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
यह आदेश जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आपदा जोखिम को कम करने और किसी भी संभावित अप्रिय घटना से बचाव के उद्देश्य से जारी किया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों और आम नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने तथा मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।



