crimeUttarakhand

शराब कैंटीन संचालक हत्याकांड मामले में बदमाश के साथ पुलिस मुठभेड़, पैर में लगी गोली

बदमाशों को घेरने का प्रयास किया तो पुलिस पर झोंक दी थी फायर, फरार हुए दो अन्य भी दोपहर तक गिरफ्तार

Rajkumar Dhiman, Dehradun: ढंडेरा में शुक्रवार देर रात शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। नगला इमरती के पास पुलिस ने बाइक सवार तीन संदिग्धों को घेरने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। जिन्हें अथक प्रयास के बाद रविवार दोपहर को पकड़ लिया गया।

घायल बदमाश की पहचान सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सौरभ ने अमन की हत्या में अपने दो फरार साथियों के साथ शामिल होने की बात बताई है। इसके बाद पुलिस ने फरार दोनों आरोपितों की तलाश में आसपास के क्षेत्र में कॉम्बिंग शुरू कर दी गई।

शुक्रवार रात कैंटीन बंद कर बाइक से घर लौट रहे अमन को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल अमन की मौत हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने हत्यारोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की।

शनिवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल संदिग्ध बाइक से नगला इमरती की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सौरभ के पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा, जबकि उसके दो साथी भाग निकले।

पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से बाइक और अन्य सामान बरामद किया है। फरार आरोपितों की तलाश में आसपास के इलाके में कांबिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घायल सौरभ से पूछताछ के आधार पर अमन हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपितों की भूमिका और वारदात से जुड़े बाकी तथ्यों की जांच शुरू की गई। जिसका असर यह हुआ कि रविवार दोपहर तक सौरभ के साथी दीप यादव और अर्पित सैनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button