पत्नी को पीट-पीटकर मार डाला, रातभर शव के पास सोया और सुबह तीन मासूम को छोड़कर फरार
नैनीताल जिले के भवाली क्षेत्र में ओखलकांडा में पति की हैवानियत ने किया स्तब्ध

Round The Watch News: ओखलकांडा विकासखंड के खनस्यूं क्षेत्र में शुक्रवार रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। तल्ला ओखलकांडा निवासी एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। वारदात के दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा भी मौके पर मौजूद था। पत्नी की हत्या के बाद आरोपित रातभर घर में ही रहा और शनिवार सुबह बेटे को धमकाकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, तल्ला ओखलकांडा निवासी भीम सिंह बोहरा (37) का शुक्रवार 21 अगस्त की देर शाम पत्नी डिगरी देवी (28) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर भीम सिंह ने डिगरी देवी की डंडे से पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि उसने इतनी बेरहमी से वार किए कि डिगरी देवी की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद 10 वर्षीय बेटा इस पूरी घटना का गवाह बना।
हत्या के बाद आरोपी पति रातभर पत्नी के शव के साथ घर पर ही रहा। शनिवार सुबह उसने अपने 10 वर्षीय बेटे को डराया-धमकाया और घर से फरार हो गया। इसके बाद दिनभर बेटा और तीन अन्य मासूम बच्चे मां के उठने का इंतजार करते रहे। जब देर शाम तक डिगरी देवी नहीं उठीं तो बच्चों ने पड़ोसियों को पूरी बात बताई। ग्रामीण घर पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर स्तब्ध रह गए। उन्होंने तत्काल खनस्यूं थाना पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही खनस्यूं थाना पुलिस, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेज दिया है।
सीओ भवाली रविकांत सेमवाल ने बताया कि मृतका के पिता गुमान सिंह निवासी अघौड़ा की तहरीर के आधार पर आरोपित के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार भीम सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही आरोपित की तलाश में जुटी है।



